उद्योगपुरी औद्योगिक क्षेत्र और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे मेगा प्रोजेक्ट्स उज्जैन को निवेश, रोजगार और नवाचार का नया केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। 2026 में 35 नई औद्योगिक यूनिट्स का संचालन शुरू होने वाला है। 2025 में भी करीब 17 यूनिट्स की शुरुआत हो चुकी है। डीएमआईसी-विक्रम उद्योगपुरी और मेडिकल डिवाइस पार्क की 31 दिसंबर तक की सूची के अनुसार नामी कंपनियों ने यहां निवेश दर्ज कराया है। दोनों औद्योगिक क्षेत्रों में 2,928 करोड़ से अधिक का निवेश होगा। 6,300 से ज्यादा रोजगार मिलेंगे। उद्योगपुरी में 14 और मेडिकल डिवाइस पार्क में 21 नई यूनिट्स से उत्पादन शुरू होने की तैयारी है। विक्रम उद्योगपुरी में 112.62 एकड़ भूमि पर 2,028.35 करोड़ के निवेश प्रस्तावित हैं, जिससे 2835 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। यहां सिंपलीको इंडस्ट्रीज, जे.के. लाइफकेयर सेंटर्स, क्वांट सोलर टेक्नोलॉजीज, माहेश्वरी के नमकीन, एचसी प्रोडक्ट्स, केमेरिक्स लाइफ साइंसेज जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों को प्लॉट आवंटित किए गए हैं। इन इकाइयों में खाद्य प्रसंस्करण, फार्मा, टेक्सटाइल, खिलौना और इंजीनियरिंग सेक्टर शामिल हैं। पेप्सिको इंडिया होल्डिंग्स ने 1,225 करोड़ के निवेश के साथ 500 रोजगार प्रस्तावित किए हैं। ^उज्जैन औद्योगिक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। 2026 में मेडिकल डिवाइस पार्क की 21 यूनिट्स में उत्पादन शुरू हो जाएगा। इससे शहर को नई पहचान मिलेगी और रोजगार के अवसर सृजित होंगे। – राजेश राठौर, एमपीआईडीसी, उज्जैन


