लुधियाना| उधार दिए गए पैसे वापस मांगना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पैसे मांगने पर रिश्तेदारों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला कर बुरी तरह पिटाई कर दी। मामले में थाना सदर की पुलिस ने पिता-पुत्र समेत पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में मलेरकोटला निवासी मोहम्मद सद्दाम ने बताया कि वह जीएनई कॉलेज के पास मूंगफली का ठेला लगाता है। उसके दूर के रिश्तेदार कासिम और ललन ने कुछ समय पहले उससे 55 हजार रुपये उधार लिए थे। दो महीने बीत जाने के बावजूद रकम वापस नहीं की गई। जब सद्दाम ने अपने पैसे लौटाने को कहा तो आरोपी भड़क गए। आरोप है कि कासिम, साहिल खान, ललन खान, आजिम उर्फ बोना और एक अज्ञात व्यक्ति ने मिलकर सद्दाम पर रॉड से हमला किया और बेरहमी से पीटा। मारपीट के बाद आरोपी धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज किए। जांच अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मोहम्मद सद्दाम की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


