रिम्स के लिए अधिग्रहण की गई जमीन पर बने निर्माण को तोड़ने का काम जारी है। मंगलवार को रिम्स प्रबंधन ने डीआईजी ग्राउंड के पास खिजुरिया टोली जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया। खिजुरिया तालाब से आगे पूरा मुहल्ला बसा है। मुहल्ले में करीब 50 घर हैं। इन घरों में रहनेवाले लोगों का आना-जाना बंद हो गया है। खिजुरिया टोली जाने वाले रास्ते में ही बाउंड्री कराने के लिए गड्ढ़ा भी कर दिया गया है। मुहल्ले के मुहाने के पर मसना स्थल है। उसके किनारे भी घेराबंदी कराने के लिए गड्ढ़ा किया जा रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के बाद काम बंद करा दिया गया। मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों ने मसना स्थल की घेराबंदी नहीं कराने का भरोसा दिया। दूसरी ओर रिम्स प्रबंधन की ओर से डीआईजी ग्राउंड के चारों ओर बाउंड्री कराने के लिए पिलर ढ़ालने का काम शुरू कर दिया गया है। दूसरी ओर रिम्स की जमीन पर बने आनंदम अपार्टमेंट के सभी फ्लैटों की दीवारों को तोड़कर हटा दिया गया है। अब सिर्फ अपार्टमेंट का ढांचा पिलर पर खड़ा है। उसे भी तोड़ा जा रहा है। दूसरी ओर अपार्टमेंट से आगे स्थित कैलाश कोठी सहित करीब छह घरों को प्रशासन ने तोड़कर जमींदोज कर दिया।


