गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर इन दिनों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार ट्रेनों के लेट चलने से पहले से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को कड़ाके की ठंड में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। ठंड और देरी की वजह से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। मंगलवार को गोरखपुर पहुंचने वाली कई प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से आईं। 15557 अमृत भारत एक्सप्रेस अपने समय से 16 घंटे से अधिक की देरी से स्टेशन पहुंची। वहीं गोरखधाम एक्सप्रेस 9 घंटे से ज्यादा लेट रही। 15566 वैशाली एक्सप्रेस 4 घंटे 13 मिनट, 15110 मथुरा–छपरा एक्सप्रेस 5 घंटे, 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, 12512 राप्तीसागर एक्सप्रेस 4 घंटे, 13020 बाघ एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे, 14010 चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस 3 घंटे 35 मिनट और 19091 गोरखपुर हमसफर एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची। इसके अलावा 20 से अधिक अन्य ट्रेनें भी अपने तय समय से काफी देर से स्टेशन पर पहुंचीं। ट्रेनों के लेट होने से प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई और ठंड में बैठने व रुकने की व्यवस्था को लेकर भी लोग परेशान दिखे। यात्रियों का कहना है कि ज्यादातर ट्रेनें लेट चल रही हैं, ऐसे में रेलवे को अतिरिक्त ट्रेनें चलानी चाहिए ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। साथ ही स्टेशन पर बैठने के लिए अतिरिक्त इंतजाम और ठंड से बचाव की व्यवस्था भी होनी चाहिए। वहीं रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कड़ाके की ठंड और कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार कम करनी पड़ रही है, इसी वजह से ट्रेनों के संचालन में देरी हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त पीट लाइन की सुविधा न होने के कारण एक्स्ट्रा ट्रेनें चलाना संभव नहीं है।


