भास्कर न्यूज | दुमका दुमका जिला में आज चौकीदार नियुक्ति परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त माहौल में किया गया। यह परीक्षा जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक आयोजित की गई। परीक्षा के कदाचार मुक्त एवं सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा की समुचित व्यवस्था, खासकर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उपायुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों से परीक्षा संचालन की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी तरह से स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त ढंग से संपन्न कराया जाए। सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उत्तर कुंजी जारी और आपत्ति दर्ज करने की सूचनापरीक्षा संपन्न होने के उपरांत, प्रश्न पत्र की उत्तर कुंजी जिला दुमका की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।यदि किसी अभ्यर्थी को उत्तर कुंजी से संबंधित कोई आपत्ति या शिकायत हो, तो वे अपनी शिकायत दिनांक 6 को जिला सामान्य शाखा, दुमका को भेज सकते हैं। जिला सामान्य शाखा के प्रभारी विनीत कुमार ने बताया कि इस परीक्षा में कुल 5387 परीक्षार्थी थे जिसमें 4982 परीक्षा में उपस्थित हुए ।


