झारखंड शैक्षिक अनुसंधान परिषद (जेसीईआरटी) सरकारी और सहायता प्राप्त सरकारी स्कूलों के लिए वार्षिक अवकाश कैलेंडर-2025 जारी कर दिया गया है। लेकिन इसके साथ शुरू हुआ विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। सामान्य और उर्दू स्कूलों के लिए अलग-अलग कैलेंडर जारी करने पर सहमति बनी थी। लेकिन इसके बाद भी एक साथ कैलेंडर जारी कर दिया गया गया है। उर्दू शिक्षक संघ के केंद्रीय महासचिव अमीन अहमद ने कहा कि जेसीईआरटी द्वारा इसी साल 30 अगस्त को उर्दू और सामान्य विद्यालयों के लिए अलग-अलग कैलेंडर जारी करने की स्वीकृति दी गई थी। अलग-अलग जारी नहीं करने के कारण कैलेंडर में त्रुटियां हैं। उर्दू स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश रहता है। इसके बाद भी आठ शुक्रवार को छुट्टियों में शामिल कर दिया गया है। कैलेंडर को लेकर संघ की केंद्रीय कमेटी की बैठक हुई, जिसमें विरोध करने और त्रुटियां सुधार के लिए सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने का निर्णय लिया गया। अवकाश कैलेंडर में सुधार को लेकर परियोजना निदेशक को आवेदन सौंपा गया है। कहा कि कैलेंडर में त्रुटियों के कारण उर्दू विद्यालयों में 55 दिन की जगह 47 दिनों की ही छुट्टियां रह गई हैं। महासचिव ने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश भी मात्र 12 दिनों का दिया गया है, जो कम से कम 17 दिनों का होना चाहिए।


