भास्कर न्यूज | लुधियाना न्यू आंबेडकर नगर स्थित श्री जानकी मंदिर में सावन के पावन अवसर पर शिवपुराण कथा का आयोजन चल रहा है। कथा वाचन पंडित अवधेश पांडे कर रहे हैं। कथा में भगवान शिव के विभिन्न रूपों की दिव्य कथाएं सुनाई जा रही हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंच रहे हैं और शिव भक्ति में लीन हो रहे हैं। कथा के दौरान पंडित पांडे ने भगवान शिव के पिप्पलाद अवतार का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि शिवपुराण में भगवान शिव के अनेक अवतारों का वर्णन है। इनमें पिप्पलाद अवतार का महत्व सबसे अलग है। यह अवतार शनि ग्रह के दुष्प्रभावों से मुक्ति दिलाने वाला माना जाता है। पंडित पांडे ने कहा कि कथा के अनुसार ऋषि पिप्पलाद को जब यह ज्ञात हुआ कि उनके पिता दधीचि का देहांत शनि ग्रह की दृष्टि से हुआ, तो उन्होंने शनिदेव को नक्षत्र मंडल से गिरने का श्राप दे दिया। बाद में देवताओं के आग्रह पर उन्होंने शनिदेव को 16 वर्ष तक किसी को पीड़ा न देने का वचन दिया। इस अवतार की पूजा शनि की दशा और साढ़ेसाती में विशेष लाभकारी मानी जाती है। श्रद्धालु इस कथा को ध्यानपूर्वक सुनते रहे और भक्ति में डूब गए। मंदिर परिसर हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। आयोजक समिति ने श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और बैठने की विशेष व्यवस्था की।


