भास्कर न्यूज | लुधियाना सावन संग्राद की पावन सुबह और अमर शहीद बाबा दीप सिंह जी की स्मृति को समर्पित जप-तप समागम हुआ। लुधियाना के गुरुद्वारा साहिब को भक्ति, सेवा और प्रेम के सागर में डुबो दिया। भारी बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को रोक न सकी। सुबह 6 बजे से ही हजारों संगत सिर पर चादरें, हाथों में देग और दिलों में सेवा भाव लिए गुरुद्वारा साहिब पहुंच गई। हर कोना गुरबाणी की मधुर धुनों और धन धन बाबा दीप सिंह जी के जयकारों से गूंज उठा। अमृत वेले पांच बाणियों के पाठ के साथ समागम की शुरुआत हुई। इसके बाद संगती रूप में श्री सुखमणि साहिब का पाठ हुआ। हर स्वर में श्रद्धा और हर सेवा में समर्पण का भाव झलक रहा था। संगत ने एक स्वर में गायन किया मैनूं अपना बना लो बाबा दीप सिंह जी, तेरी धन कमाई बाबा दीप सिंह जी। सावन संग्राद के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में भक्तिभाव और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह 11 बजे शुरू हुए समागम में संगत ने बड़ी श्रद्धा से हाजिरी भरी। समागम शाम 4 बजे तक चला, जिसमें हर क्षण संगत को गुरु चरणों से जोड़ने वाली गतिविधियां चलती रहीं। गुरुद्वारा हाल में सेवादार श्रद्धालुओं को खीर, मालपुए और कड़ा प्रसाद परोसते रहे। बाहर लगी छबील में नींबू पानी और ठंडा शरबत बांटा गया। छोटे-बड़े सभी संगत के सदस्य बाबा दीप सिंह जी का सिमरन करते नजर आए। जोड़े घर में श्रद्धालुओं की कतारें भक्ति की गहराई को और बढ़ा रही थीं। हर कोना सेवा और सिमरन की खुशबू से महक रहा था। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सेक्रेटरी सुखविंदर पाल सिंह सरना और नवप्रीत सिंह बिंद्रा ने संगत को संग्राद की बधाई दी। उन्होंने बताया कि आगामी 19 जुलाई को श्री गुरु हरकृष्ण साहिब जी का प्रकाश पर्व बड़ी श्रद्धा और उत्साह से मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। हरप्रीत सिंह राजधानी और अमरजीत सिंह टिक्का ने जानकारी दी कि प्रकाश पर्व वाले दिन श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी जत्था विशेष कीर्तन सेवा के माध्यम से संगत को निहाल करेगा। संगत में पर्व को लेकर उत्साह और श्रद्धा देखते ही बन रही थी।


