भास्कर न्यूज | लुधियाना नेशनल टेस्टिंग एजेंसी(एनटीए) द्वारा ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट-बायोटेक्नोलॉजी (जीएटी-बी)-2025 के लिए एंट्रेंस टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए आवेदन की शुरुआत हो चुकी है। इस टेस्ट के जरिए पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम बायोटेक्नोलॉजी और इससे जुड़े क्षेत्रों में प्रतिभागी संस्थानों में दाखिला मिलेगा। इसके लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 3 मार्च तय की गई है। एप्लिकेशन फॉर्म में बदलाव के लिए 5 से लेकर 6 मार्च तक का समय मिलेगा। जीएटी-बी 2025 का आयोजन 20 अप्रैल को किया जाएगा। इस टेस्ट के स्कोर के आधार पर पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी(पीएयू) और गुरु अंगद देव वेटरनरी व एनिमल साइंसेस यूनिवर्सिटी(गडवासू) में भी कुछ कोर्स में दाखिला मिलता है। इस टेस्ट की अवधि तीन घंटे की रहेगी। जोकि सुबह 10 बजे से लेकर 1 बजे तक होगा। कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट(सीबीटी) मोड से परीक्षा ली जाएगी। आवेदन करने के लिए जनरल, ओबीसी श्रेणी के उम्मीदवारों को 1300 रुपये, एससी, एसटी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 650 रुपये की फीस रखी गई है। इस टेस्ट के जरिए स्टूडेंट्स को एमटेक बायोटेक्नोलॉजी और इससे संबंधित क्षेत्रों, एमएससी बायोटेक्नोलॉजी और इससे संबंधित क्षेत्रों, एमटेक बायोटेक्नोलॉजी, एमएससी एग्रीकल्चरल बायोटेक्नोलॉजी और मास्टर्स अॉफ वेटरनरी साइंसेस एनिमल बायोटेक्नोलॉजी में दाखिला मिलता है। इस स्कोर के आधार पर अॉल इंडिया मैरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद प्रतिभागी संस्थानों द्वारा जीएटी-बी पास उम्मीदवारों से संस्थान के स्तर पर दाखिले के लिए अलग से आवेदन मांगे जाएंगे। इस टेस्ट को पास करने वाले और दाखिले वाले स्टूडेंट्स को निर्धारित स्टाइपंड दिया जाएगा। इसमें एमएससी बायोटेक्नोलॉजी के लिए 5000, एमएससी एग्रीकल्चरल बायोटेक्नोलॉजी के लिए 7500 और एमटेक व एमवीएससी के लिए 12 हजार रुपये प्रति महीने का स्टाइपंड दिया जाएगा। यह स्टाइपंड प्रतिभागी संस्थान की वेरीफिकेशन के बाद ही स्टूडेंट्स को भेजा जाएगा। जीएटी-बी के लिए देशभर में 59 शहरों में एग्जामिनेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे। पंजाब में अमृतसर, लुधियाना, पटियाला या फतहगढ़ साहिब में एग्जामिनेशन सेंटर स्थापित होंगे। उम्मीदवारों को मल्टीपल चॉइस क्वेश्चन के जवाब देने होंगे। इसमें सेक्शन ए में बारहवीं स्तर के फिजिक्स, कैमिस्ट्री, मैथ्स और बायोलॉजी के सवाल पूछे जाएंगे। जोकि 60 सवाल होंगे। सेक्शन बी में ग्रेजुएट स्तर के बेसिक बायोलॉजी, लाइफसाइंसेस, बायोटेक्नोलॉजी से संबंधित सवाल होंगे। जोकि 100 सवाल होंगे। इसमें से 60 सवालों के जवाब देने होंगे। सेक्शन ए में हर सवाल एक अंक का और सेक्शन बी में हर सवाल तीन अंक का होगा। कुल 240 अंकों का पेपर होगा। इसके लिए सिलेबस जारी हो चुका है। परीक्षा सिर्फ इंग्लिश में होगी। सेक्शन ए में नेगेटिव मार्किंग होगी और हर गलत जवाब पर आधे अंक यानि 0.5 अंक कटेंगे। सेक्शन बी में होने वाली नेगेटिव मार्किंग में गलत जवाब पर एक अंक कटेगा। परीक्षा सेंटर में कैलकुलेटर, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की अनुमति नहीं होगी। डायबिटिक स्टूडेंट्स को शुगर टेबलेट, फल, ट्रांसपेरेंट बोतल में पानी लेने जाने की अनुमति होगी। आंसर की जाने पर उसे चैलेंज करने के लिए प्रति सवाल के 200 रुपये की फीस अदा करनी होगी। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए कॉमन सर्विस सेंटर भी स्थापित किए गए हैं। जहां से ऑनलाइन एप्लिकेशन भरे जा सकते हैं। देशभर में डेढ़ लाख से ज्यादा सीएससी सेंटर स्थापित होंगे। इन सेंटर की सुविधा लेने पर उम्मीदवारों को तय फीस अदा करनी होगी। जोकि 5 रुपये से लेकर 25 रुपये तक है।


