एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से बच्ची की मौत:दूसरा सिलेंडर भी खाली था; मरीज को अस्पताल के गेट पर छोड़कर भागे कर्मचारी

गुना जिला अस्पताल से भोपाल रेफर की गई तीन साल की बच्ची की एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से मौत हो गई। एंबुलेंस कर्मचारी बच्ची को ब्यावरा सिविल अस्पताल के गेट पर छोड़कर भाग गए। न तो रेफर पर्चा दिया और न ही बच्ची को भर्ती कराया। तेज बुखार आने पर तीन साल की हर्षिता कुशवाह को गुरुवार को गुना शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह 6:40 बजे हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने भोपाल रेफर कर दिया। ब्यावरा से करीब 5 किलोमीटर पहले ही एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म हो गई। दूसरा सिलेंडर भी पहले से खाली था। ब्यावरा सिविल अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
हर्षिता कुशवाह गुना जिले के ग्राम पटना की रहने वाली थी। बच्ची के दादा ओंकार सिंह कुशवाह ने कहा कि, बच्ची को भोपाल रेफर किया था। रास्ते में ऑक्सीजन खत्म होने पर मैंने गाड़ी रुकवाई। दूसरा सिलेंडर देखा तो वो भी खाली थी। जैसे-तैसे ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचे। हम बच्ची को अस्पताल के अंदर लेकर भागे। तभी एंबुलेंस कर्मचारी सामान फेंक कर वहां से चले गए। गाड़ी में जरूरी कागज रखे थे, वो ले गए। ओंकार सिंह ने गुना जिला अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। सांस नली में कुछ फंसा था
ब्यावरा सिविल अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर डॉ. जेके शाक्य ने बताया कि एंबुलेंस से गुना की बच्ची को अस्पताल लाया गया था। जब जांच की तो वह मृत अवस्था में थी। उसकी सांस नली में कुछ फंसा हुआ था।पोस्टमार्टम किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का असली कारण पता चल पाएगा। ब्यावरा देहात थाने के एसआई बीएल मवासे ने बताया कि ऑक्सीजन की कमी से बच्ची की मौत का मामला दर्ज कर संबंधित थाने को सूचना भेजी जा रही है। एनएचएम ने रिपोर्ट की तलब
एनएचएम मध्यप्रदेश के संचालक सह-मुख्य प्रशासकीय अधिकारी केके रावत ने “एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से मरीज की मौत” समाचार पर संज्ञान लेते हुए सीएमएचओ, राजगढ़ व गुना तथा 108 कॉलसेंटर के प्रोजेक्ट हेड को नोटिस देकर जवाब तलब किया है। असंतोषजनक स्पष्टीकरण पर संबंधित एंबुलेंस के माहभर के परिचालन व्यय में कटौती की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *