नगर निगम प्रशासन ने ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट (जीआईएस) की तैयारियों को लेकर गुरुवार को भोपाल स्टेशन के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर स्थित हनुमान मंदिर से लेकर पॉवर हाउस रोड के मोड़ तक की गई। एएचओ बलवीर मलिक की मौजूदगी में अतिक्रमण दस्ते के करीब 15 लोगों द्वारा यह कार्रवाई की गई। नगर निगम के एएचओ ने इस दौरान अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी कि यदि फिर से ऐसे हालात बने, तो दस्ता यहां आकर फिर कार्रवाई करेगा और पूरा सामान जब्त करने के साथ ही जुर्माना भी किया जाएगा। यहां से भी कार्रवाई कर ठेले-गुमठियां जब्त कीं निगम अमले ने गुरुवार को रेलवे स्टेशन के साथ कमला पार्क, गिन्नौरी, कप्तान शादी हॉल, जहांगीराबाद, करोद चौराहा से पीपल चौराहा, बैरागढ़, मोहाली, भेल क्षेत्र, एम.पी.नगर, बोर्ड आफिस, लिली टॉकीज, बोट क्लब, रानी कमलापति स्टेशन, न्यू मार्केट, टी.टी.नगर, भदभदा चौराहा, लिंक रोड नं. 01, 02 एवं 03, आईएसबीटी, कोलार रोड, दानिश चौराहा, सी.आई.चौराहा, कालीबाड़ी, सर्वधर्म पुल, चूना भट्टी तिराहा, जेके चौराहा से भी अतिक्रमण हटाए। बड़ी संख्या में ठेले, गुमठी, भवन निर्माण सामग्री, सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहन, फर्शियां, कपड़े, कंबल आदि की दुकानों के अतिक्रमणों को हटाकर ठेले, टेबल, स्टूल, गुमठी आदि जब्त की।


