भास्कर न्यूज | जालंधर एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (एएसआई) की जालंधर सिटी चैप्टर द्वारा एक मेडिकल एजुकेशन मीट का आयोजन किया। यह कार्यक्रम हर्निया सर्जरी में नई तकनीकों पर केंद्रित था। शैक्षणिक कार्यक्रम के बाद, एएसआई जालंधर ब्रांच की नई टीम ने डॉ. नरेंद्र पॉल के नेतृत्व में कार्यभार संभाला। पूर्व टीम का नेतृत्व करने वाले डॉ. रुपिंदर भार्गव तथा उनकी टीम का सभी सदस्यों द्वारा उनके सफल कार्यकाल, अच्छे शैक्षणिक कार्यक्रमों और वित्त के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए सराहा गया। सभा को संबोधित करते हुए, नव-निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पॉल ने डॉ. भार्गव और उनकी टीम के उत्कृष्ट कार्यकाल के लिए आभार व्यक्त किया और आगामी वर्ष के लिए अपना विजन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि उनकी टीम का जोर अकादमिक गतिविधियों, नए सदस्यों के पंजीकरण, सामुदायिक सेवा और केंद्रीय एएसआई हेडक्वार्टर के साथ बेहतर संचार पर रहेगा। डॉ. असीम गुम्बर, डॉ. गगनदीप सिंह, डॉ. पुनीत ग्रोवर, डॉ. प्रीतपाल सिंह, डॉ. हर्षप्रीत मट्टा और डॉ. आरुष पराशर को कार्यकारी टीम के पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।


