भास्कर न्यूज | लुधियाना महानगर के प्राचीन श्री राधा कृष्ण मन्दिर खाटू द्वार में एकादशी के पावन अवसर पर भव्य संकीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के उपरांत बाबा की पवित्र ज्योति प्रज्वलित कर किया गया। जैसे ही अखंड ज्योति की लौ प्रज्वलित हुई पूरा मंदिर परिसर जय श्री श्याम और हारे के सहारे की जय के जयकारों से गूंज उठा। संकीर्तन की मुख्य विशेषता भजन गायक कुमार गौरव द्वारा प्रस्तुत किए गए बाबा के भजन रहे। उन्होंने अपनी मधुर और ओजस्वी वाणी में बाबा की महिमा का बखान कर भक्त भाव-विभोर हो गया। बाबा के दर पर जो भी आता है, वो खाली हाथ नहीं जाता जैसे भजनों पर श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया और तालियों की गड़गड़ाहट से गायक का उत्साहवर्धन किया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने न केवल भजनों का आनंद लिया, बल्कि बाबा की ज्योत के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। कार्यक्रम के आयोजक और मुख्य सेवादारों में पं. राजेश भारद्वाज सोनू ने सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर पं. गीतांशु भारद्वाज, राजकुमार, हितुल, लकी, सन्नी, अंकित और मुकुल सहित मंदिर कमेटी के अन्य सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। संकीर्तन के अंत में बाबा की भव्य आरती की गई और उपस्थित भक्तों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। देर शाम तक चले इस भक्तिमय कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।


