एकेडमी में बच्चों का नामांकन पूरी तरह नि:शुल्क किया जाएगा : ज्योति प्रकाश

भास्कर न्यूज | गढ़वा गढ़वा शहर के शिव मंदिर रोड स्थित सोनपुरवा मोहल्ला में शिक्षा के क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। रविवार को विजय लक्ष्मी एकेडमी का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। एकेडमी के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे किया जाएगा। जिसमें शिक्षा प्रेमियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों को उपस्थित रहने की अपील की गई है। इसकी जानकारी एकेडमी के डायरेक्टर ज्योति प्रकाश ने एक प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि विजय लक्ष्मी एकेडमी का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है।ताकि वे शिक्षा के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव रख सकें। उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मेदिनीनगर की निवर्तमान मेयर अरुणा शंकर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में चंचला देवी उपस्थित रहेंगी। दोनों अतिथियों की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी। ज्योति प्रकाश ने कहा कि एकेडमी में बच्चों का नामांकन पूरी तरह नि:शुल्क किया जाएगा। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई भी मुफ्त में कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बल्कि समाज के हर बच्चे तक पहुंचनी चाहिए। इसी सोच के साथ विजय लक्ष्मी एकेडमी की स्थापना की गई है। ताकि कोई भी बच्चा केवल आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि एकेडमी में मान्यता प्राप्त और अनुभवी शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यरत हैं। जो बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। यहां बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षकों में रागिनी शर्मा, जेबा खातून, सोनम सिंह, स्वीटी कुमारी, रानी परवीन और सबा खातून सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हैं। सभी शिक्षक अपने-अपने विषय में दक्ष हैं और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देंगी। विजय लक्ष्मी एकेडमी में पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के नैतिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास पर भी जोर दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *