श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को जाने वाली राजासांसी रोड पर शनिवार की शाम भारी जाम की स्थिति बनी रही। इंसाफ की मांग करते हुए एक परिवार ने गांव वालों के साथ मिलकर शाम 4 बजे रोड जाम कर दिया था। इस जाम के कारण कुआलालंपुर, मलेशियां के लिए रवाना होने वाली दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में सफर करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार कुआलालंपुर के लिए शाम साढ़े 7 बजे और रात साढ़े 9 बजे दो उड़ानें निर्धारित थीं, लेकिन जाम में फंसे कई यात्री समय पर एयरपोर्ट नहीं पहुंच पा रहे थे। राजासांसी रोड पर पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में यात्री इन उड़ानों के लिए पहुंच रहे थे, जो घंटों जाम में फंसे रहे। दरअसल, इसी एयरपोर्ट रोड पर शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई थी। इस घटना के विरोध में मृतक महिला के गांव कंबोह के लोगों ने एयरपोर्ट मार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने के प्रयास किए।


