अजनाला में शादी समारोह से लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने 12 लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित अमरजीत सिंह निवासी गांव मुहावर ने बताया कि 31 दिसंब रको वह अपने पिता और चाचा के साथ गांव मुहावर स्थित एक पैलेस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। शाम करीब साढ़े 5 बजे समारोह समाप्त होने के बाद जब वह पार्किंग में अपनी कार की ओर जा रहा था, तभी पैलेस के गेट के पास पहले से खड़े करनबीर सिंह निवासी गांव जसराउर और उसके साथ मौजूद 10-12 अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया और हमला कर जख्मी कर दिया। आरोप है कि करनबीर सिंह के हाथ में दातर और अन्य आरोपियों के हाथों में बेसबॉल बैट व डंडे थे। अन्य हमलावरों ने भी बेसबॉल बैट से सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अमरजीत सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 5 जनवरी तक उसका इलाज चलता रहा। पीड़ित ने बताया कि करीब 3 महीने पहले अजनाला बाजार में कार को रास्ता देने को लेकर करनबीर सिंह से विवाद हुआ था, उसी रंजिश के चलते हमला किया गया। पुलिस ने थाना अजनाला में बीएनएस की धाराओं 90 के तहत मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई कुलबीर सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।


