सिटी रिपोर्टर | रांची पारस एचईसी हॉस्पिटल के यूरोलॉजिस्ट डॉ. सौमिक चटर्जी ने गिरिडीह के रहने वाले 25 वर्षीय युवक की जान बचाई। युवक का एक्सीडेंट होने के कारण उसकी किडनी क्षतिग्रस्त होकर दो टुकड़े में बंट गई थी। इस कारण पेट में ब्लीडिंग तेजी से हो रहा था। परिजनों ने पारस हॉस्पिटल में उसे भर्ती कराया। जब मरीज अस्पताल पहुंचा तो उसका हार्ट रेट 170 था। बीपी कम हो गया था। तुंरत मरीज का सीटी स्कैन किया गया, जिसमें पता चला कि किडनी दो टुकड़ों में टूट चुका है और छाती के अंदर रक्त प्रवाह होने में कारण हेमोथोरेक्स हो रहा है। मरीज को तुरंत ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर सर्जरी की गई। जब उन्हें ओटी में रखा गया, तब तक उनका ऑक्सीजन लेवल घटकर 64 प्रतिशत तक पहुंच गया था। अस्पताल में मरीज का तीन घंटे पेट का ऑपरेशन चला। क्षतिग्रस्त किडनी को हटाया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज दो दिनों तक आईसीयू में थे। इसके बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर सोमवार को घर चले गए।


