भास्कर न्यूज | हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की बिगड़ी व्यवस्था को सुधारने की कवायद तेज हो गई है। इसके तहत सुपरिंटेंडेंट ने एक सप्ताह के भीतर कई कार्रवाई किया है। जहां स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर रिकॉर्ड रूम इंचार्ज देवाशीष को एक सप्ताह पूर्व हटाया गया वही दो दिन पूर्व सुपरिटेंडेंट कार्यालय के प्रधान लिपिक कुमुद कुमार सिन्हा से वित्तीय प्रभार वापस ले लिया गया। जबकि शनिवार की देर शाम एक्स-रे विभाग के इंचार्ज वीरेंद्र कुमार का भी प्रभार वापस ले लिया गया। सुपरिटेंडेंट ने आदेश पत्र में कहा है कि कांग्रेस प्रतिनिधियों के द्वारा स्वास्थ्य मंत्री से की गई शिकायत के आलोक में आपको एक्स-रे विभाग के प्रभार से मुक्त किया जाता है। वहीं रिकॉर्ड रूम का प्रभारी तारीक अनवर को बनाया जाता है। सुपरिटेंडेंट डॉक्टर अनुकरण पूर्ति ने कहा कि अब आउटसोर्स एजेंसी के अधीनस्थ काम करने वाले सारे कर्मियों के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है । जिनके दस्तावेज फर्जी या गलत पाए जाएंगे वह हटाए जाएंगे। और जिनकी भी शिकायतें पूर्व से मिलती रही हैं उनकी कार्यशैल पर नजर रखी जा रही है। जिससे पारदर्शिता लाई जा सके।


