भागीरथपुरा में दूषित पानी से जुड़ी मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस संकट में 18वीं मौत सामने आई है। कुलकर्णी नगर निवासी 80 वर्षीय हरकुंवर ग्रैरईया की मौत उल्टी-दस्त से पीड़ित होने के बाद हो गई। वे अपनी बेटी के घर भागीरथपुरा में रहने आई थीं। अस्पतालों में अभी भी 99 मरीज भर्ती हैं। इनमें से 16 आईसीयू में हैं, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। मंगलवार को तीन नए केस भी सामने आए। कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि तीन केस जरूर आए हैं लेकिन सभी सामान्य लक्षणों वाले हैं। स्थिति नियंत्रण में है। बेटी के घर बिगड़ी तबीयत, वापस भेजने के बाद मौत हरकुंवर की बेटी निर्मला ने बताया कि मां 20 दिसंबर से उनके घर थीं। 30 दिसंबर को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। निजी क्लिनिक पर दिखाने के बाद भी सुधार नहीं हुआ तो उन्हें भाई सुनील के घर कुलकर्णी नगर भेज दिया। यहां 1 जनवरी को उनकी मौत हो गई। 61 टीमें मैदान में, 5 हजार घरों का सर्वे मंगलवार को 61 टीमें गठित की गईं। टीमें 5013 घरों तक पहुंचीं और 24,786 लोगों को ओआरएस, जिंक और अन्य जरूरी किट वितरित की गई। प्रशासन की सूची में 15 नाम मुआवजे के लिए बनाई गई प्रशासन की 15 लोगों की सूची में दो नए नाम हैं, जो पहले नहीं थे। इनमें रामकली जगदीश(47) और श्रवण नत्थु(90) शामिल हैं।


