भास्कर न्यूज|लुधियाना आईएटीए(इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन) ने हलवारा एयरपोर्ट को ‘एचडब्ल्यूआर’ एयरपोर्ट कोड आवंटित किया है। हलवारा एयरबेस पर बनने वाले नए एयरपोर्ट को हलवारा एयरपोर्ट कहा जाएगा। एयरपोर्ट कोड परिचालन शुरू करने से पहले अनिवार्य है। एयर इंडिया ने इसके लिए आवेदन किया था। राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने बताया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने पंजाब लोक निर्माण विभाग से अनुरोध किया है कि वह निर्मित सिविल हवाईअड्डा टर्मिनल का पूर्ण कब्जा हस्तांतरित कर दे। एयरपोर्ट को चालू करने के लिए यह हस्तांतरण आवश्यक है। एएआई के चेयरमैन विपिन कुमार ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा एएआई को टर्मिनल बिल्डिंग आधिकारिक रूप से सौंपे जाने के बाद परिचालन की तिथि निर्धारित की जाएगी। इसे सौंपने की प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। सांसद अरोड़ा ने डिप्टी कमिश्नर जितेंद्र जोरवाल के समक्ष इस मामले को उठाया। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा एएआई को नए टर्मिनल बिल्डिंग का औपचारिक हस्तांतरण सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि एयरपोर्ट को जल्द से जल्द चालू किया जा सके। इसके बाद एयरलाइंस का संचालन भी शुरू हो जाएगा। एयरपोर्ट चालू होने के बाद एयर इंडिया कमर्शियल उड़ानों में रुचि दिखा रही है। उन्होंने कहा कि लुधियाना को विश्व मानचित्र पर लाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों और विभागों के साथ लगातार संपर्क में हैं। यह एयरपोर्ट न केवल लुधियाना बल्कि मालवा क्षेत्र और कुछ राज्यों के आसपास के इलाकों के लोगों की भी सेवा करेगा। बता दें कि हलवारा में बना एयरपोर्ट 161.28 एकड़ में फैला है। इस क्षेत्र में बना टर्मिनल एरिया 2,000 वर्ग मीटर बनकर तैयार हो चुका है और एयरफोर्स की तरफ से ही लगभग कार्य पूरा हो चुका है। एयरपोर्ट की जमीन को छोड़कर परियोजना पर लागत करीब 70 करोड़ रुपये आ चुकी है। पीडब्ल्यूडी द्वारा 100 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। जबकि अब एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तरफ से अपने हिस्से का काम करना बाकी है। बता दें कि एयरपोर्ट अभी वहां आम जनता की एंट्री बंद हो चुकी है और सुरक्षा के नजरिए से पुलिस को तैनात कर दिया गया है अब एयरपोर्ट पर बिना परमिशन किसी की भी एंट्री नहीं है।


