भास्कर न्यूज|लुधियाना दुगरी इलाके के रेसिडेंस एरिया में अवैध रूप से चल रहे कोचिंग और आईएलटीएस सेंटरों ने स्थानीय निवासियों के लिए कई समस्याएं खड़ी कर दी हैं। इन अवैध कमर्शियल गतिविधियों के चलते सड़कों पर हादसे हो रहे हैं, साथ ही पार्किंग की समस्या भी गंभीर हो गई है। इन सेंटरों के कारण बच्चों के लिए बड़े वाहनों का उपयोग भी बढ़ गया है, जिससे इलाके में और भी असुविधाएं हो रही हैं। गलाडा (लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी) की ओर से पहले ही इस मामले में नोटिस भेजे जा चुके थे, जिसमें अवैध रूप से चल रहे इन सेंटरों को बंद करने का आदेश दिया था। गलाडा ने चेतावनी दी थी कि यदि ये सेंटर बंद नहीं होते हैं तो इन्हें सील कर दिया जाएगा, लेकिन नोटिस के बाद भी इन अवैध गतिविधियों पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। इस मुद्दे पर गलाडा के एस्टेट अफसर डॉ. अमन गुप्ता ने जानकारी दी कि पूरे दुगरी इलाके की रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है और अब इन अवैध सेंटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेजिडेंस एरिया में किसी भी हालत में कमर्शियल एक्टिविटी नहीं होने दी जाएगी। डॉ. गुप्ता ने यह भी बताया कि गलाडा की ओर से मार्केट्स भी बनाई गईं हैं ताकि लोग वहां अपनी व्यावसायिक गतिविधियां चला सकें, लेकिन लोग इन्हें नजरअंदाज करके अपने घरों में ही अवैध रूप से व्यापार चला रहे हैं। रेजिडेंस एरिया में इन अवैध सेंटरों की वजह से आसपास के निवासी बहुत परेशान हैं। मुख्य समस्या पार्किंग की है, क्योंकि बच्चों और अन्य कर्मचारियों के बड़े वाहनों की वजह से पार्किंग की जगह पूरी तरह से भरी रहती है। इसके अलावा, इन सेंटरों से आने-जाने वाले छात्रों और अभिभावकों की तादाद बढ़ने से सड़कें और गलियां भी भीड़-भाड़ वाली हो गई हैं, जिससे हादसों की आशंका भी बढ़ी है। डॉ. अमन गुप्ता ने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में रेजिडेंस एरिया में कमर्शियल गतिविधियों को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा और अवैध सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से चल रहे सभी सेंटरों को शीघ्र बंद कर दिया जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


