आए दिन राजस्थान और जयपुर में सड़क दुर्घटनाएं हो रही है। इन हादसों में लोग असमय ही मौत का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में आज के समय सबसे बड़ी जरूरत है सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की। दैनिक भास्कर जयपुर के 30वें गौरवशाली वर्ष में प्रवेश के मौके पर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता के लिए 21 दिसंबर को रन फॉर जयपुर का आयोजन होगा। इसके जरिए सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यह सुबह 7 बजे अल्बर्ट हॉल से प्रारंभ होगी। इसका समापन ओटीएस चौराहे पर होगा। इस रन फॉर जयपुर में शामिल होने के लिए युवाओं में अच्छा खासा उत्साह है। बुधवार को दैनिक भास्कर कार्यालय में छात्र संगठन, युवा संगठन, कर्मचारी संगठन और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि पहुंचे और उन्होंने रन फॉर जयपुर के सड़क सुरक्षा की थीम की सराहना करते हुए कहा कि यह हमारे जीवन से जुड़ा प्रमुख मुद्दा है। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता के लिए वे इसमें बढ़-चढ़कर शामिल होंगे। यह भी रहे मौजूद; बीएसटीसी संघर्ष समिति के रामदेव चोटिया, विशेष शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष पवन कुमार शर्मा, चेतन सिंह, दीपक गर्ग, हनुमान राम, लक्ष्य कुमार शर्मा, विकास यादव, विकास कुमार शर्मा, वीरेंद्र चौधरी व कृष्णा भामू।


