जिले के म्याना थाना इलाके के भदौरा गांव में गाय चराने वाले व्यक्ति की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। एक दूसरे गाय चराने वाले ने कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन काटकर हत्या कर दी थी। दोनों में शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि भदौरा का रहने वाले रतिराम कुशवाह (50) मंगलवार को गाय चराने के लिए भदौरा के जंगल में गया था। शाम को गाय तो वापस आ गईं, लेकिन रतिराम घर नहीं पहुंचा था। परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार सुबह भदौरा के जंगल में परिवार वालों को उसकी लाश मिली। सिर धड़ से अलग था। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी।
आरोपी ने हत्या करना स्वीकारा SDOP विवेक अष्ठाना ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मुआयना किया। गुना से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। शुरुआत में ही मामला हत्या का लग रहा था। पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि SP अंकित सोनी ने जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। साथ ही जांच के लिए कुछ पॉइंट्स भी बताए। इसी आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। तभी जानकारी लगी कि जंगल के पास ही एक गोशाला है। गोशाला में रहने वाला एक व्यक्ति भी अक्सर रतिराम के साथ गाय चराने जाता था। पुलिस उसकी तलाश में पहुंची, तो वह गोशाला में नहीं मिला। पुलिस ने उसके परिवार से जानकारी ली, तो पता चला कि वह भी मंगलवार से घर नहीं पहुंचा है। इसी आधार पर पुलिस की शंका बढ़ गई। पुलिस ने उनके नंबर की टावर लोकेशन निकालकर इंद्रभान खंगार (45) को हिरासत में लिया। पूछताछ में वह टूट गया और उसने रतिराम की हत्या करना स्वीकार कर लिया। एक पेग के लिए की हत्या इंद्रभान ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि मंगलवार शाम गाय चराने के बाद दोनों ने शराब पी। कुछ देर बाद और शराब लेकर आया। दोनों फिर पीने बैठ गए। दोनों ने फिर और शराब पी। रतिराम कहने लगा कि एक पेग और पी ले, तो इंद्रभान ने इंकार कर दिया कि अब नहीं पीना। इसी बात पर रतिराम ने उससे कहा कि तू कैसा ठाकुर है, एक पेग और नहीं पी सकता। इसी बात पर दोनों में विवाद बढ़ गया। इंद्रभान ने कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन पर दो बार हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुल्हाड़ी को धो दिया जब इंद्रभान को लगा कि रतिराम की मौत हो गई है। वह वहां से भागकर गोशाला आ गया। वहीं उसने कुल्हाड़ी पर लगे खून के निशान धोए। साथ ही अपने कपड़े पर लगे खून को भी साफ किया। इसके बाद वह भाग गया। पुलिस ने उससे हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और खून लगे कपड़ों को जप्त कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। संबंधित खबर पढ़ें… गुना में गाय चराने गए युवक की गला काटकर हत्या:मंगलवार से लापता था; गाय वापस लौटीं, लेकिन युवक नहीं गुना के म्याना थाना इलाके के भदौरा गांव के जंगल में सिर कटी लाश मिली है। गाय चराने गए एक युवक की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। वह मंगलवार से लापता था। आज उसका शव जंगल में मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूरी खबर पढ़ें


