करौली जिला मुख्यालय पर एनएच-23 हाथी घटा क्षेत्र में स्थित वेद सुपर मार्केट में शनिवार शाम को अचानक आग लग गई। एक साल से अधिक समय से बंद पड़े इस शॉपिंग मॉल में लगी आग से एयर कंडीशनर सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपए का नुकसान हुआ। स्थानीय लोगों द्वारा आग की सूचना मिलते ही मॉल मालिक वेद प्रकाश उपाध्याय ने पुलिस और सिविल डिफेंस को सूचित किया। सिविल डिफेंस प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने दमकल की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मॉल मालिक के अनुसार पिछले एक वर्ष से अधिक समय से कॉम्प्लेक्स बंद था और सभी एयर कंडीशनर भी बंद स्थिति में थे। ऐसी स्थिति में आग लगने के कारणों की जांच की आवश्यकता है। उन्होंने घटना की विस्तृत जांच की मांग की है। आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।


