एक ही रात में 5 फ्लैटों में चोरी पुलिस कर रही मामले की जांच

भास्कर न्यूज| सरायकेला आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सातबहनी जुलुमताड़ के पास साईं कल्पना अपार्टमेंट के पांच फ्लैटों में चोरों ने ताला तोड़ लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। घटना बीती रात की है। फ्लैट सिक्योरिटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में तस्वीर कैद हुई है। जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। बताया गया है कि सभी 5 फ्लैट जिन में चोरी हुई है, उसमें रहने वाले सभी लोग बाहर गए हुए थे। कई फ्लैट महीने से तो कुछ फ्लैट 10 दिन से बंद पड़े थे। चोरों ने इसी का फायदा उठाकर ताला तोड़ फ्लैट के घरों को खंगाल दिया है। गुरुवार सुबह मामले की जानकारी होने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। इसमें ए ब्लॉक के उमाशंकर प्रसाद, बी ब्लॉक के प्रशांत कुमार और अशोक चौधरी, सी ब्लॉक के राजीव रंजन तथा डॉ एनके यादव के फ्लैट में चोरी हुई है। यह सभी फ्लैट कई दिनों से बंद थे। चोरी की घटना से पता चल रहा है कि चोर काफी दिनों से बंद घरों की रेकी कर रहे थे। मौके का फायदा उठाकर ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। सभी फ्लैट निवासियों के आने के बाद पता चलेगा कि कितने मूल्य की चोरी हुई है। लेकिन यह चोरी लाखों में है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *