एचईसी को लेकर केंद्र गंभीर, एक जुलाई को फिर होगी संसदीय समिति की बैठक, इस बार मजदूर यूनियन नेता भी होंगे शामिल

केंद्र सरकार एचईसी को लेकर गंभीर है। अभी 20 जून को ही केंद्रीय समिति की बैठक दिल्ली में हुई थी, जिसमें कहा गया था कि एचईसी के स्टेक होल्डर्स के साथ बैठक कर एचईसी के रिवाइवल पर विचार किया जाएगा। साथ ही एचईसी को उबारने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इसके बाद पुन: संसदीय केंद्रीय समिति की बैठक एक जुलाई को आहूत की गई है। इस बैठक में स्टेक होल्डर्स को शामिल किया गया है। ऐसा पहली बार हुआ है कि एचईसी के मजदूर यूनियनों को भी बैठक में बुलाया गया है। राज्यसभा सचिवालय से बैठक में शामिल होने के लिए यूनियनों को पत्र भेज दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि इस बैठक में एचईसी को वर्कऑर्डर देने, स्पेशल पैकेज, कामगारों के वेतन, एचईसी के बकाए आदि पर बात हो सकती है। इस बैठक में एचईसी के सीएमडी और डायरेक्टर्स भी शामिल होंगे। साथ में 20 से ज्यादा लोकसभा व राज्यसभा सांसद मौजूद रहेंगे। राज्यसभा सांसद तिरुचि शिवा की अध्यक्षता में यह बैठक होगी। इसमें कोल माइंस और स्टील कंपनियों के प्रतिनिधि, डीआरडीओ, इसरो, एचईसी के चेयरमैन सहित निदेशक मंडल, एचईसी में रजिस्टर्ड आठ यूनियनों के प्रतिनिधि और दर्जन भर से ज्यादा सांसद शामिल होंगे। एक जुलाई को संसदीय कमेटी की बैठक के मद्देनजर एचईसी प्रबंधन ने सभी यूनियनों की बैठक गुरुवार को बुलाई है। यूनियन नेताओं ने कहा- एचईसी ने कई वर्कऑर्डर पूरे किए
यूनियन नेताओं का कहना है कि अप्रैल 2024 से एचईसी में काम अच्छा चल रहा है। अपने बल पर एचईसी ने कई वर्कऑर्डर पूरे भी किए हैं। कामगारों को 8-9 महीने का वेतन भी दिया है। अभी तीनों प्लांट में काम चल रहा है। यहां के मजदूर भी इससे खुश हैं। प्रयास है कि एचईसी को अच्छा पैकेज और ऑर्डर मिले : सेठ
रक्षा राज्यमंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने कहा कि एचईसी को वापस खड़ा करने का प्रयास काफी तेजी से चल रहा है। कोशिश है कि एचईसी को पैकेज मिले और अच्छा ऑर्डर भी मिले। एचईसी का संपूर्ण पुनरुद्धार हो। एचईसी पुनरुद्धार के लिए अच्छे कदम उठाए जाएंगे : यूनियन एचईसी मजदूर संघ के महामंत्री रामाशंकर प्रसाद ने कहा कि एचईसी को बेहतर बनाने की पहल की जा रही है। हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने कहा कि पहली बार केंद्रीय संसदीय समिति की बैठक में मजदूर यूनियनों को भी शामिल किया जा रहा है। भेल से वर्क ऑर्डर मिलने की संभावना प्रबल है। हटिया मजदूर लोकमंच के सचिव विमल महली ने कहा कि हमें विश्वास है, एचईसी के लिए कुछ अच्छा निर्णय हो सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *