एचईसी मामले को लेकर संसदीय कमेटी की बैठक 11 को, बैंक गारंटी पर सहमति और पुनरुद्धार का रास्ता साफ होने की संभावना

सिटी एंकर एचईसी के मुद्दे पर 11 जुलाई को पुन: संसदीय कमेटी की बैठक राज्यसभा सांसद तिरुचि शिवा की अध्यक्षता में दिल्ली में होगी। दो महीने में यह तीसरी बैठक होगी। इससे पहले एक जुलाई को बैठक हुई थी। 11 की बैठक में बैंक गारंटी पर सहमति बनने की पूरी संभावना जताई जा रही है। साथ ही कोल मंत्रालय, रेल मंत्रालय, डीआरडीओ, माइंस आदि से एचईसी को वर्कऑर्डर दिलाने पर सहमति बनने की संभावना है। यहां एचईसी कामगारों को नियमित वेतन व अन्य सुविधाओं पर भी सहमति बन सकती है। हटिया प्रोजेक्ट वर्कर यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने कहा कि एचईसी को अभी तीन करोड़ रुपए महीना एसबीआई को ब्याज देना पड़ रहा है। यदि सरकार की तरफ से बैंक गारंटी मिले तो ब्याज की रकम घटेगी, साथ ही एचईसी को बैंक से और भी लोन मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि संसदीय कमेटी में सहमति बनने के बाद प्रस्ताव उद्योग मंत्रालय के पास जाएगा। संसदीय कमेटी में सहमति बनने पर मंत्रालय भी अमूमन बातें मान लेता है। इस तरह एचईसी के पुनरुद्धार का रास्ता साफ हो जाएगा। बैठक में दर्जन भर से ज्यादा सांसद, एचईसी और एसबीआई के चेयरमैन आदि होंगे। इधर, मुख्य गेट से हटाया तो सप्लाई कर्मियों ने नेहरु पार्क में किया प्रदर्शन रांची | सप्लाईकर्मियों का प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। काफी संख्या में सप्लाई कामगार एचएमबीपी मुख्य द्वार के पास पहुंचे, लेकिन कुछ ही समय बाद सीआईएसएफ के जवानों ने कामगारों को वहां से हटने का आदेश दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में सप्लाई कामगार नेहरू पार्क पहुंच गए और यहां जोरदार प्रदर्शन किया। प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि प्रबंधन सप्लाई कामगारों को हतोत्साहित करना चाहता है, लेकिन कामगार अपनी मांगों के प्रति पूरी तरह से गोलबंद हैं। यहां हुई सभा की अध्यक्षता प्रेम प्रकाश शाहदेव ने की। उन्होंने कहा कि प्रबंधन हमारी परीक्षा ले रहा है। मजदूरों की ईमानदारी की लड़ाई कभी खाली नहीं जाएगी। निदेशक कार्मिक हमसे बात नहीं करके आंदोलन को और उग्र बनाना चाहते हैं। सप्लाईकर्मी किसी के बहकावे में नहीं आएंगे और आंदोलन को दिशाहीन नहीं होने देंगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सप्लाई महिला कर्मी मौजूद रहीं। सभा में मुख्य रूप से रंथू लोहरा, मोईन अंसारी, ओवैसी आज़ाद, मनोज पाठक, शारदा देवी आदि शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *