एड्स के कंफर्म टेस्ट एक माह से नहीं हो रहे

लुधियाना| एचआईवी व एड्स की जांच और इलाज के लिए स्थापित आईसीटीसी सेंटर(इंटीग्रेटेड काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सेंटर) में कंफर्मेटरी टेस्ट के लिए मरीजों को इंतजार करना पड़ रहा है। जांच सेंटर में टेस्टिंग किट खत्म होने से मरीजों को फाइनल रिपोर्ट समय पर नहीं मिल रही है। एक महीने से यह किट खत्म हैं और पहले स्तर की जांच के बाद जो मरीज पॉजिटिव आ रहे हैं वो चिंता में ही रह रहे हैं। मरीज दो-तीन दिन में चक्कर भी काट रहे हैं लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है। कर्मचारियों ने बताया कि लुधियाना में 100-150 मरीज पहले स्तर की जांच में पॉजिटिव आते हैं। इसके बाद एक और जांच होती है और फिर वायरल लोड टेस्ट किया जाता है। इन पॉजिटिव मरीजों में 70-80 फीसदी दूसरे स्तर में पॉजिटिव आते हैं। हालांकि विभाग द्वारा कमी को देखते हुए सिविल हॉस्पिटल के ब्लड बैंक में एलाइजा टेस्ट के जरिए जांच करवाने के लिए लैटर जारी किया है। लेकिन एलाइजा टेस्ट किट में एक बैच में 96 सैंपल लगते हैं। इस किट के महंगे होने के कारण 60 से ज्यादा सैंपल होने पर ही किट खोली जाती है। ऐसे में एलाइजा टेस्ट तभी संभव हो रहा है जब सैंपल की बड़ी संख्या हो। जोकि ब्लड डोनेशन कैंप के दौरान ही संभव हो रही है। इसके कारण 4-5 दिन में ही यह सैंपल जांच के लिए लग रहे हैं। सैंपल लगने के बाद रिपोर्ट आने में भी 2-3 दिन का समय लगता है। इसके कारण मरीजों को और भी परेशानी व इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, इस संबंध में जब अधिकारियों से बात करने को कोशिश की गई तो उन्होंने कमी पर अनभिज्ञता जताई। सिविल हॉस्पिटल के चीफ फार्मासिस्ट पारस ने कहा कि इस संबंध में मंगलवार को जांच करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *