भास्कर न्यूज | डौंडी शासकीय कंगला मांझी महाविद्यालय डौंडी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम नर्राटोला में आयोजित किया गया। शिविर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. योगेश्वर साहू की अध्यक्षता तथा कार्यक्रम अधिकारी सहायक प्राध्यापक जीवन लाल धनंजय के नेतृत्व में हुआ। समापन अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रमाण पत्र वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तोमन साहू रहे। विशेष अतिथि सोमेश साहू , हिंसाराम चिराम, केआर चंदेल, डीडी सोनबरसा, बाबूदास हिरवानी, उत्तरा प्रधान एवं ठाकुर राम रावटे रहे। अतिथियों ने स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सात दिवसीय शिविर में 50 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने निर्धारित दिनचर्या का पालन करते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के विषय में प्रेरित किया। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में नृत्य और नाटकों के माध्यम से युवाओं एवं ग्रामीणों को नशामुक्ति का संदेश दिया गया, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की। प्रतिदिन दोपहर 3 से 5 बजे तक बौद्धिक परिचर्चा आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान चुम्मन लाल हिरवानी, चित्ररेखा रजक, लीना साहू , डॉ. निखिल टेकाम तथा राहुल कुमार सिंह ,सहायक प्राध्यापिका राधेश्वरी देशमुख, बबीता ध्रुव, पवन साहू का विशेष योगदान रहा।


