राजनांदगांव| सिंघोला स्थित महाकाल मंदिर परिसर में होली पर्व को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि परंपरा अनुसार 2 मार्च को शाम 7.30 बजे महाकाल मंदिर प्रांगण में विधि-विधान से होलिका दहन किया जाएगा। महाकाल भक्त पवन डागा ने बताया कि कालों के काल महाकाल पर किसी भी प्रकार की ग्रहण की छाया नहीं लगती। इसलिए परंपरा के अनुसार 2 मार्च को ही होली जलाई जाएगी। भक्तजन निःसंकोच और श्रद्धा भाव से आयोजन में शामिल हों। समिति के अनुसार 4 मार्च को सुबह 5 बजे बाबा महाकाल व बाबा चंद्रमौलेश्वर के साथ प्राकृतिक एवं फूलों के रंगों से होली खेली जाएगी। भक्ति गीत, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ मंदिर परिसर शिवमय वातावरण में रंगोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। आरती, भजन एवं प्रसाद वितरण के साथ भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। महाकाल सेना आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाएगी।


