एनएसक्यूएफ और वोकेशनल स्ट्रीम के लिए 27 जनवरी से प्रैक्टिकल होंगे शुरू

भास्कर न्यूज | लुधियाना पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड(पीएसईबी) द्वारा दसवीं और बारहवीं बोर्ड क्लास के वोकेशनल और नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क(एनएसक्यूएफ ) के विषयों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तारीख जारी कर दी है। इसके तहत परीक्षाओं की शुरुआत जनवरी के अंत में कर दी जाएगी। प्रैक्टिकल परीक्षाएं 27 जनवरी से लेकर 4 फरवरी तक आयोजित होंगी। इसके लिए विस्तृत डेटशीट और अन्य जानकारी बोर्ड द्वारा वेबसाइट पर जारी की गई है। प्रैक्टिकल परीक्षा तीन घंटे की होगी। सुबह की शिफ्ट सुबह 10 से एक बजे तक और दोपहर की शिफ्ट डेढ़ बजे से लेकर साढ़े चार बजे तक होगी। बोर्ड ने किसी तरह की अन्य जानकारी हासिल करने के लिए ई-मेल के जरिए संपर्क करने के लिए कहा है। अन्य स्ट्रीम के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं बोर्ड की लिखित परीक्षाएं आयोजित होने के बाद ली जाएंगी। बोर्ड द्वारा वोकेशनल स्ट्रीम में ग्यारहवीं और बारहवीं में विभिन्न विषय चुनने का अवसर दिया जाता है। जबकि एनएसक्यूएफ के तहत नौवीं क्लास से ही विभिन्न विषय स्टूडेंट्स पढ़ सकते हैं। हालांकि बोर्ड द्वारा प्रैक्टिकल की तारीख जारी कर दी है लेकिन स्कूलों में सात जनवरी तक की छुट्टियों के बाद प्री-बोर्ड परीक्षाएं 31 जनवरी तक करवाने के निर्देश हैं। जिसके बाद स्टूडेंट्स को प्रैक्टिकल के लिए तैयारी करनी होगी। वोकेशनल स्ट्रीम में चार अहम ग्रुप हैं। जिनमें एग्रीकल्चर ग्रुप, बिजनेस व कॉमर्स ग्रुप, होम साइंस ग्रुप, इंजीनियरिंग व टेक्नोलॉजी ग्रुप शामिल हैं। स्टूडेंट्स को प्रैक्टिकल में पास होने के लिए न्यूनतम 33 फीसदी अंक हासिल करना जरुरी है। नवंबर-दिसंबर के दौरान स्टूडेंट्स के िलए अॉन द जॉब ट्रेनिंग का भी आयोजन हो चुका है। एनएसक्यूएफ के तहत स्टूडेंट्स को प्रैक्टिकल के लिए तय आवर निर्धारित हैं। वहीं, विषय के अनुसार प्रैक्टिकल के अंक भी तय हैं। पीएसईबी द्वारा ओपन स्कूल की एक्रिडिएशन के लिए 2025-26 सेशन के लिए आवेदन की शुरुआत कर दी है। इसके तहत ओपन क्लासेस में दसवीं और बारहवीं क्लास में एडमिशन के लिए सरकारी, एडेड, प्राइवेट, बोर्ड से मान्यता प्राप्त स्कूल 30 अप्रैल तक बिना लेट फीस के अप्लाई कर सकते हैं। 6360 रुपये की लेट फीस के साथ 31 अगस्त तक रिन्यूअल के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, नई रजिस्ट्रेशन या एक्रिडिएशन के लिए दसवीं क्लास के लिए फीस 3470 रुपये की होगी। जबकि रिन्यूअल के लिए 1735 रुपये की फीस रखी गई है। बारहवीं क्लास के लिए नई रजिस्ट्रेशन के लिए 4620 रुपये की फीस रखी गई है। रिन्यूअल के लिए 1735 रुपये की फीस निर्धारित है। यह फीस प्रति ग्रुप के अनुसार देनी होगी। 30 अप्रैल के बाद लेट फीस भी अदा करनी होगी। 1 मई से लेकर 31 अगस्त तक स्कूलों को लेट फीस देनी होगी। सरकारी और आदर्श स्कूलों को इस फीस से राहत होगी। इसके लिए आवेदन अॉनलाइन ही करना होगा। इन स्कूलों को अॉनलाइन फॉर्म भरने के बाद बोर्ड के दफ्तर में हार्ड कॉपी भी जमा करवानी होगी। स्कूलों को अॉनलाइन आवेदन जरुर करना होगा। सबसे ज्यादा ओपन स्कूल सूबे में लुधियाना में ही चल रहे हैं।लुधियाना ओपन स्कूल के तहत 63 स्कूल रजिस्टर्ड हैं। इनमें भी अधिकतर स्कूल बोर्ड से एफिलिएटेड स्कूल हैं। इनमें से सभी 63 में दसवीं की एडमिशन मिलती है। जबकि बारहवीं के लिए 58 स्कूल हैं। जहां 18 स्कूलों में ह्यूमैनिटीज, कॉमर्स चल रही है। वहीं कुछ में साइंस स्ट्रीम भी चल रही है। 63 स्कूलों में से 16 स्कूल ग्रामीण इलाकों में हैं अन्य सभी शहरी इलाकों में चल रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *