भास्कर संवाददाता | पाली डाकघर की राष्ट्रीय बचत प्रमाण-पत्र(एनएससी) योजना में धोखा खाए 13 पीडितों से 60 लाख रुपए की ठगी का मामले सामने आने के बाद विभाग अपनी ओर से मामले जांच कर रहा है। ये पीड़ित औद्योगिक नगर स्थित उप डाकघर से जुडे खातों वाले हैं। सभी पीडित सोमवार को प्रधान डाकघर कार्यालय पहुंचे। उन्होने अपने रुपए जल्द दिलाने और धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ करवाई की मांग की। इसके बाद सभी पीड़ित कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी मांग को लेकर कलेक्टर एलएन मंत्री को एनएससी योजना में जमा राशि ब्याज के साथ दिलवाने को कहा। ज्ञापन में बताया कि सभी ने साल 2019-20 में योजना में एफडी करवाई जो साल 2024 में पुरी हो गई। जब पैसे लेने गए तो पता चला की हमारा अकाउंट तो डाकघर में नहीं दिखा रहा है। इस पर शिकायत डाकघर को दी पर आज दिन तक जांच रिपोर्ट डाकघर पुरी नहीं कर पाया। इस दौरान रामाकांत, महावीर जैन, मधु देवी, रतनी देवी, रामवरण, विनोद, रतनी देवी सहित अन्य मौजूद रहे।


