एमएनआईटी में सात फरवरी से शुरू होगा महोत्सव:सिंगर विशाल मिश्रा करेंगे परफॉर्म, जिक्र–द बैंड अपने म्यूजिक धुनों से करेगा अट्रेक्ट

मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) जयपुर अपने वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ब्लिट्जश्लैग 2025 के लिए पूरी तरह तैयार है। यह तीन दिवसीय भव्य उत्सव 7 से 9 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्घाटन 6 फरवरी को एमएनआईटी जयपुर के निदेशक प्रो. एनपी. पाढ़ी करेंगे। इस बार इस महोत्सव में 50 हजार से अधिक दर्शक शामिल होंगे। डीन ऑफ स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. कनुप्रिया सचदेव ने बताया- इस बार ब्लिट्जश्लैग में तीन प्रो-नाइट्स का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिक्र – द बैंड अपनी शानदार लाइव परफॉर्मेंस देगा। डीजे वैभव अपने धमाकेदार म्यूजिक से माहौल को ऊर्जा से भर देंगे। वहीं बॉलीवुड के मशहूर गायक और संगीतकार विशाल मिश्रा अपने हिट गानों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। पिछले वर्षों में ब्लिट्जश्लैग में अरमान मलिक, सचिन-जिगर, जावेद अली, अंकित तिवारी, शान, केके जैसे दिग्गज कलाकारों ने प्रस्तुति दी है। इस बार भी शानदार लाइनअप दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगा। थीम ‘ड्रीमस्केप’ रखी गई इस वर्ष ब्लिट्जश्लैग की थीम ‘ड्रीमस्केप’ रखी गई है, जो कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता और अनंत संभावनाओं को दर्शाती है। एसोसिएट डीन (सांस्कृतिक) डॉक्टर मीनाक्षी त्रिपाठी ने बताया कि इस थीम के तहत कार्यक्रमों को आकर्षक और अनूठे अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। इस उत्सव में कई रोमांचक प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें पैनाश (फैशन प्रतियोगिता), तमाशा (नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता), रंबा सांबा (डांस प्रतियोगिता), बैटल ऑफ बैंड्स खास है। देशभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्र इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर हजारों रुपये के पुरस्कार जीतने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं। प्रतियोगिताओं के अलावा ब्लिट्जश्लैग 2025 में मनोरंजन और रोमांच के लिए कई दिलचस्प गतिविधियाँ भी होंगी, जिनमें “मेल्टडाउन” – एडवेंचर राइड, “बॉडी जॉर्बिंग” – रोमांचक स्पोर्ट्स, आर्केड जोन” शामिल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *