भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर एयरपोर्ट के बाहर शराबी हालात में मीडिया को बयान देते हुए खालिस्तान के नारे लगाने वाले 2 आरोपियों को थाना एयरपोर्ट की पुलिस ने काबू करके केस दर्ज किया है। सोमवार सुबह आरोपियों को जमानत पर छोड़ा गया। रविवार रात जब अमरीकी विमान डिपोर्ट हुए भारतीय को लेकर एयरपोर्ट पहुंच रहा था तो उससे पहले एयरपोर्ट के बाहर खड़े मीडिया को देखकर 2 युवक उनके पास पहुंच गए। वहां मीडिया को केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ बोलते हुए खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने लग गए। जिसके बाद वहां माहौल खराब हुआ और मौके पर मौजूद पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान राजासांसी वार्ड 13 निवासी जगतार सिंह और वरिंदर सिंह के तौर पर हुई है। एएसआई तरसेम सिंह ने बताया कि दोनों युवकों को कोई रिश्तेदार वहां डिपोर्ट होकर नहीं आया था और न ही किसी को लेने के लिए आए थे। दोनों आरोपी एक दुकान में लैपटॉप खरीदने आए थे। दुकान बंद होने के कारण उन्होंने बाद में शराब पी और फिर बयानबाजी करनी शुरू कर दी थी।


