उड़ान योजना के तहत दतिया एयरपोर्ट के विस्तार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने विस्तार का प्रस्ताव राज्य सिविल एविएशन डिपार्टमेंट को भेज दिया है। इसके लिए जिला प्रशासन से 274 एकड़ अतिरिक्त भूमि मांगी गई है। प्राथमिकता सरकारी भूमि को दी जाएगी, आवश्यकता होने पर निजी भूमि का अधिग्रहण भी किया जाएगा। वर्तमान में एयरपोर्ट 123 हेक्टेयर में फैला है और रनवे की लंबाई 1810 मीटर है। प्रस्ताव के अनुसार रनवे को 2300 मीटर तक बढ़ाया जाएगा, जिससे एयरबस जैसे बड़े विमान उतर सकेंगे। रनवे की चौड़ाई 150 मीटर से बढ़ाकर 280 मीटर करने का भी प्रस्ताव है। नाइट लैंडिंग के लिए आधुनिक नाइट विजन और लाइटिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। फिलहाल दो विमानों की पार्किंग सुविधा है, जिसे बढ़ाकर 15 विमानों तक किया जाएगा। जमीन अधिग्रहण और विस्तार को लेकर एयरपोर्ट अधिकारियों व जिला प्रशासन के बीच बैठक हो चुकी है। एयरपोर्ट डायरेक्टर शशांक यादव ने बताया कि अतिरिक्त भूमि के लिए प्रशासन से चर्चा हो चुकी है और जल्द ही जमीन मिलने की उम्मीद है।


