हैदराबाद निवासी टीवी प्रसाद (43) बुधवार को अपने दोस्तों के साथ चाय पीने बैठे हुए थे। अचानक ही प्लान बना कि प्रयागराज महाकुंभ स्नान करने चलते हैं। सभी ने एक स्वर में हामी भर दी। प्रसाद बैंक ऑफ बड़ौदा में सीनियर मैनेजर थे, जबकि उनके अन्य साथी बिजनेसमैन। प्रसाद ने दोस्तों से कहा शनिवार-रविवार दो दिन छुट्टी है, इसलिए शनिवार को दोपहर को हैदराबाद से निकलते हैं। बुधवार तक घूमते हुए आराम से वापस घर आ जाएंगे। सभी को सुझाव पसंद आया। हैदराबाद में ही ट्रेवल्स एजेंसी से ट्रैवलर बुक की गई। शनिवार को 8 दोस्त प्रयागराज के लिए निकल पड़े। कुंभ में स्नान के बाद मंगलवार तड़के ट्रैवलर जैसे ही मध्यप्रदेश के जबलपुर जिला स्थित बरगी पहुंची यहां सामने से आ रहे तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक से उनकी गाड़ी टकरा गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि चालक सहित 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो घायलों का जबलपुर मेडिकल काॅलेज में इलाज जारी है। सभी जिगरी दोस्त हर जगह साथ में जाते हैदराबाद निवासी टीवी प्रसाद सीनियर बैंक मैनेजर थे। उनके साथी नवीनाचार्य, बालकृष्ण, बी. संतोष, जी आनंद, शशि, मल्लेश, रवि व्यापारी थे। ये जहां कहीं भी जाते, साथ में ही जाते थे। जाम में फंसने के कारण सभी लोग सोमवार सुबह प्रयागराज पहुंचे। स्नान करने के बाद रात वहीं पर ठहरे थे। सोमवार रात को प्रसाद ने महाकुंभ से एक सेल्फी ली और अपने परिवार वालों को पोस्ट की। परिवार वालों को भी नहीं पता था कि प्रसाद के जीवन की ये अंतिम फोटो है। ओवरलोड ट्रक 80 की रफ्तार से भाग रहा था मंगलवार तड़के गाड़ी प्रयागराज से निकली। सुबह के 9.15 बजे जैसे ही बरगी गांव के पास पहुंची, जबलपुर से कटनी जा रहा रहा ओवरलोड ट्रक का अगला पहिया तेज धमाके के साथ फट गया। इसके बाद 100 मीटर तक घसीटते हुए प्रयागराज से जबलपुर की तरफ जा रही ट्रैवलर से जा टकराया। ट्रैवलर का आधा हिस्सा ट्रक के नीचे फंस गया था, जबकि आधा पुल की रेलिंग में। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत ही सिहोरा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर एनएचएआई की क्रेन भी पहुंच गई। हादसे के दौरान ट्रक और पुल की रेलिंग के बीच ट्रैवलर में लोग फंसे हुए थे। लिहाजा ग्रामीणों ने सबसे पहले ट्रक में लोड बोरियों को खाली किया और उसके बाद फिर क्रेन की मदद से ट्रक को हटाया। घटना के समय नवीनाचार्य और बालकृष्ण श्रीराम की सांसें चल रही थी, जिन्हें कि तुरंत ही 108 की मदद से जबलपुर मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया। रि-मोल्डिंग टायर से चल रहा था ट्रक जबलपुर से पुट्टी की बोरी लेकर कटनी की तरफ जा रहे ट्रक (MP20-ZL9105) को प्यासी नाम का शख्स चला रहा था। जैसे ही बरगी गांव के पास ट्रक पहुंचा, तभी आगे का राइट साइड का टायर फट गया, जिसके बाद लहराते हुए ट्रक सामने से आ रही ट्रैवलर (AP29-W1525) से जा टकराया। घटना के बाद तुरंत ही ट्रक चालक प्यासी मौके से फरार हो गया। उसका मोबाइल बंद है। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक ओवरलोड था, इसके अलावा उसके टायर या तो घिसे हुए थे, या फिर रि-मोल्डिंग थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक में कमजोर हालत के टायर लगाकर ओवरलोड गाड़ी चलाने के कारण अक्सर इस तरह के हादसे हाईवे में होते रहते हैं, इन ट्रकों की जांच ना तो पुलिस करती है, और न ही आरटीओ। एयरबैग खुलने से बच गई 6 जान मंगलवार की सुबह जिस ट्रैवलर से ट्रक टकराया था, उसके पीछे-पीछे भी हैदराबाद की ही एक कार आ रही थी, जैसे ही ट्रक और ट्रैवलर की टक्कर हुई, उसी दौरान पीछे से आ रही किया कार भी टकरा गई। इस कार में हैदराबाद के चालक सहित 6 लोग बैठे थे। ट्रैवलर के पीछे से कार की टक्कर होने से कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन एयर बैग खुलने से उसमें बैठे सभी लोग सुरक्षित हैं, उन्हें सिर्फ मामूली चोट आई हैं। इन्हें सिहोरा सिविल अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद दूसरी गाड़ी से हैदराबाद के लिए रवाना किया है। कार चला रहे कुमार ई बल्लैया ने बताया- प्रयागराज से मैं पीछे-पीछे आ रहा था, जिस दौरान यह घटना हुई, उस समय हमारी कार सिर्फ 20 मीटर दूर थी। मेरी आंखों के सामने ही ट्रक का टायर फटा और फिर राॅन्ग साइड से आकर सामने से ट्रैवलर को टक्कर मार दी। हमारी गाड़ी भी रफ्तार में थी, मैंने ब्रेक मारा पर तब तक हमारी कार ट्रैवलर से टकरा चुकी थी, तेज धमाके के साथ कार के एयर बैग खुल गए, और हमारी जान बच गई। कार चालक ने बताया कि पूरी गलती लारी वाले की थी। एसडीओपी ने संभाला मोर्चा घटना के वक्त सिहोरा एसडीओपी पारुल शर्मा घर पर पूजा कर रही थीं। जैसे ही डायल 100 से सूचना मिली कि बरगी गांव के पास हाईवे में एक्सीडेंट हो गया है, वह तुरंत ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। इस दौरान वायरलेस सेट से सिहोरा थाना पुलिस के अलावा खितौला, मझगवां, गोसलपुर और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमृत साहू को जानकारी दी गई तो उन्होंने मौके पर क्रेन भिजवाई। इधर तब तक कलेक्टर दीपक सक्सेना, एसपी संपत उपाध्याय, एएसपी सूर्यकांत शर्मा को भी जानकारी मिल चुकी थी, लिहाजा वो भी जबलपुर से घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके थे। एसडीओपी पारुल शर्मा ने बताया- हादसे में ट्रैवलर सवार 9 में से चालक सहित 7 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शी बोले-चीख भी नहीं निकल पाई बरगी गांव निवासी रामकिशन पटेल ने बताया कि घटनास्थल से आधा किलोमीटर दूर हम लोग बैठे थे। तेज आवाज आई, लगा ट्रक का टायर फटा है। हम लोगों के लिए यह आम बात है। लेकिन, कुछ ही देर में पता चला कि ट्रक और मिनी बस की टक्कर हो गई है। तुरंत घटनास्थल पहुंचे तो सन्नाटा पसरा हुआ था। ट्रैवलर में फंसे लोग चीख भी नहीं पा रहे थे। ट्रक में पुट्टी की बोरी लोड थी, गांव के ग्रामीणों ने पहले तो जल्द से जल्द ट्रक भरी बोरियां को बाहर किया और फिर क्रेन की मदद से ट्रक को हटाया। ट्रैवलर के अंदर लोगों की लाशें फंसी थी। पीछे की तरफ 2 लोग फंसे थे, जिन्हें कि बाहर निकाला और फिर अस्पताल भिजवाया। भाषा की पुलिस के सामने आई समस्या ट्रैवलर में सवार 2 में से एक की हालत नाजुक थी, दूसरे का पैर फ्रैक्चर था। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने उन्हें बाहर निकाला और बातचीत की तो उनसे ना ही हिंदी आ रही थी, और ना ही इंग्लिश। पुलिस को मृतकों की जानकारी लेना था। तेलंगाना निवासी कलीम प्रताप रेड्डी ने पुलिस की मदद की। मृतकों के पास से मिले मोबाइल नंबर पर प्रताप ने काॅल करने के बाद उन लोगों को घटना की जानकारी दी। प्रताप रेड्डी ने बताया- आंध्रप्रदेश-तेलंगाना से रोजाना हजारों लोग प्रयागराज महाकुंभ स्नान करने के लिए आ रहे हैं। हम लोग भी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी के पीछे चल रहे थे। ट्रैफिक जाम के दौरान ही पता चला कि एक ट्रैवलर का एक्सीडेंट है और मृतक हैदराबाद के रहने वाले हैं। पुलिस घायलों से बात करने की कोशिश कर रही थी लेकिन भाषा की प्रॉब्लम थी। कुछ मृतकों के परिजनों के नंबर मिले तो उनसे बात करने के बाद दुर्घटना की जानकारी दी। मध्यप्रदेश सरकार ने हैदराबाद भेजा शव सिहोरा थाना के बरगी गांव के पास हुए हादसे को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख जताया है। एक्स पर उन्होंने लिखा… जबलपुर जिले के सिहोरा में नागपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर प्रयागराज से वापस आ रही ट्रैवलर और ट्रक की भीषण सड़क दुर्घटना में आंध्रप्रदेश राज्य के तीर्थयात्रियों की असामयिक मृत्यु एवं घायल होने का समाचार अत्यंत ही दुखद है, मेरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि घायलों का समुचित उपचार एवं सभी मृतकों के परिजनों से संपर्क कर पार्थिव देह को पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर जबलपुर जिला प्रशासन के द्वारा दो एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है, जिसमें कि सातों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद सम्मानपूर्वक हैदराबाद के लिए रवाना किया गया है। यह खबर भी पढ़ें… एमपी में एक्सीडेंट में 10 कुंभ यात्रियों की मौत एमपी में मंगलवार रात से सुबह तक तीन सड़क हादसों में 10 कुंभ यात्रियों की मौत हो गई। जबलपुर और मैहर में सड़क दुर्घटना का शिकार हुए लोग प्रयागराज से स्नान कर लौट रहे थे। तीसरा हादसा पन्ना में हुआ, इसमें गुजरात के अहमदाबाद से प्रयागराज जा रहे एक श्रद्धालु की मौत हो गई। पूरी खबर यहां पढ़ें…


