एयर इंडिया से सीधी सेवा शुरू करने का आग्रह, यात्री आवाजाही बढ़ाने पर जोर

भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, अमृतसर के अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क को एक बड़ा झटका लगा है। इटली की एयरलाइन नियोस एयर ने 8 अक्टूबर से मिलान मार्ग के जरिए अपनी अमृतसर-टोरंटो उड़ान सेवा को निलंबित करने का ऐलान किया है। एयरलाइन की वेबसाइट पर जारी बयान के अनुसार, सेवा बंद करने का मुख्य कारण वर्तमान अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीतिक अस्थिरता और इस रूट पर यात्रियों की बुकिंग में कमी बताया गया है। फ्लाई अमृतसर इनिशिएटिव ने इस उड़ान के निलंबन पर गहरी चिंता व्यक्त की है। अमेरिका स्थित ग्लोबल कन्वीनर समीप सिंह गुमटाला और कनाडा से नॉर्थ अमेरिका कन्वीनर अनंतदीप सिंह ढिल्लो ने कहा कि यह निलंबन कनाडा में बसे हजारों पंजाबी समुदाय के लोगों के लिए एक बड़ा झटका है, जो अमृतसर से सीधी जुड़ी इस सुविधाजनक हवाई सेवा पर निर्भर थे। नेताओं ने सरकारों और अन्य एयरलाइनों से बातचीत जारी रखने का दावा किया है ताकि अमृतसर से कनाडा और अन्य देशों तक हवाई संपर्क को फिर से स्थापित किया जा सके। उन्होंने आगे कहा कि नियोस एयर ने अप्रैल 2023 से अब तक इस मार्ग पर उड़ानें चलाईं, जबकि यह एयरलाइन एयर इंडिया जैसी बड़ी कंपनियों से छोटी है। अब समय है कि एयर इंडिया इस रूट की अहमियत को समझे और अमृतसर-टोरंटो के बीच सीधी उड़ान जल्द शुरू करे। उन्होंने कहा कि पंजाबी समुदाय की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए एयर इंडिया सबसे बेहतर स्थिति में है। हालांकि सप्ताह में केवल एक दिन चलने वाली इस उड़ान का रद्द होना निराशाजनक है, लेकिन यात्रियों के पास अब भी कतर एयरवेज के जरिए दोहा मार्ग से टोरंटो जाने का विकल्प मौजूद है। गुमटाला ने कहा कि एयर इंडिया भी अमृतसर को दिल्ली से सीधी उड़ान के माध्यम से जोड़ती है। एयरलाइनों को अमृतसर से कुछ और अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू करने के लिए यात्रियों की संख्या बहुत महत्वपूर्ण है। इसलिए पंजाबियों को चाहे दिल्ली के जरिए ही सही, अमृतसर से उड़ान लेना प्राथमिकता देनी चाहिए। अमृतसर से मजबूत यात्री आवाजाही से हमारी मांग और मजबूत होगी कि एयर इंडिया व अन्य एयरलाइंस भविष्य में सीधी सेवाओं का विस्तार करें। ढिल्लो ने अप्रैल 2023 से टोरंटो के लिए यह उड़ान सेवा चलाने के लिए नियोस एयर की सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जब स्थिति स्थिर होगी, तो फिर से शुरू करने पर विचार करना चाहिए। इस बीच, नियोस एयर ने कहा है कि जिन यात्रियों ने एयरलाइन की वेबसाइट पर टिकटें बुक की हैं, उन्हें ईमेल के माध्यम से रिफंड के निर्देश भेजे जाएंगे। वहीं जिन्होंने ट्रैवल एजेंसियों के जरिए टिकटें बुक की हैं, उन्हें एजेंट से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *