भास्कर न्यूज | जांजगीर बम्हनीडीह ब्लॉक अंतर्गत एलबी संवर्ग में पेंशन मिलने का यह पहला मामला सामने आया है। शासकीय प्राथमिक शाला करनौद में पदस्थ दिवंगत सहायक शिक्षक संतोष डड़सेना के निधन के बाद उनकी पत्नी रामेश्वरी डड़सेना को प्रति माह 8820 की पारिवारिक पेंशन दी जाएगी। यह पेंशन छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रयासों से संभव हो सकी है। संयुक्त संचालक कोष लेखा व पेंशन, बिलासपुर द्वारा पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) जारी किया है। समायोजन प्रक्रिया के तहत यह पेंशन निर्धारित की गई है। दिवंगत शिक्षक द्वारा एनपीएस के अंतर्गत की गई अंशदान राशि व उस पर अर्जित लाभांश उनके नॉमिनी के खाते में जमा की गई। वहीं शासकीय अंशदान और उससे प्राप्त लाभांश की राशि शासन को वापस की गई। टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत चतुर्वेदी ने जानकारी दी कि बीईओ बम्हनीडीह द्वारा आवश्यक दस्तावेज जैसे एनेक्जर-1 (डिक्लेरेशन बाई नोडल ऑफिस) और एनेक्जर-2 (नो ऑब्जेक्शन फॉर सेटलमेंट ऑफ पेंशन वेल्थ इन एनपीएस फॉर्म) संचालनालय कोष लेखा व पेंशन को भेजा। इसके बाद एनएसडीएल से एमआईएस प्राप्त होने पर डीटीएपी द्वारा शासन को वापसी योग्य राशि चालान के माध्यम से जमा की। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन, बम्हनीडीह ब्लॉक के अध्यक्ष उमेश तेम्बुलकर और मीडिया प्रभारी शिव कुमार पटेल ने बताया कि पेंशन निर्धारण की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। इस प्रक्रिया में बीईओ कार्यालय बम्हनीडीह व जिला कोषालय जांजगीर का सहयोग सराहनीय रहा।


