जयपुर के स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में शुक्रवार को सिल्वर जुबली वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सात दिवसीय इस समारोह का समापन शुक्रवार को हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती पूजन से हुई। इंजीनियरिंग के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने नृत्य, नाटक और गायन की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘ये सफर’ जैसे गीतों के माध्यम से कॉलेज की 25 साल की यात्रा को दर्शाया गया। छात्रों ने थीम आधारित समूह नृत्य के जरिए सामाजिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के दौरान दर्शकों के बीच जाकर दिए गए संवादों ने विशेष आकर्षण जमाया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के चेयरपर्सन डॉ. एम.एल. स्वर्णकार और वरिष्ठ अधिवक्ता संजय झावर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। एसकेआईटी कॉलेज के अध्यक्ष सुरजाराम मील, निदेशक जयपाल मील और शैक्षणिक निदेशक प्रो. एस.एल. सुराणा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रो. सुराणा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। अतिथियों ने छात्रों को कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। समारोह का समापन प्रवाह टीम के अभिनंदन और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


