एसपी कार्यालय में स्कूटी के नीचे मिला सांप:वन विभाग ने किया रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

छतरपुर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में शुक्रवार शाम सांप निकल आया। पुलिसकर्मी की स्कूटी के पहिये के नीचे करीब 6 फीट 4 इंच लंबा जहरीला सांप बैठा हुआ मिला। पुलिसकर्मी ने ड्यूटी खत्म कर स्कूटी लेने पहुंचते ही काले रंग के इस लंबे सांप को देखा। पुलिसकर्मी ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए एक बड़ी बाल्टी लाकर सांप को ढक दिया। यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि सांप परिसर में कहीं भागकर कोई खतरा पैदा न कर सके। पुलिसकर्मी ने अपनी स्कूटी एसपी कार्यालय के बाहर पार्किंग में खड़ी की थी। सांप को देखते ही उसने स्थिति को संभाला और तत्काल वन विभाग को सूचना दी। कार्यालय स्टाफ ने भी एहतियातन पार्किंग क्षेत्र से दूरी बना ली। गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 25 अक्टूबर को भी एसपी कार्यालय की दीदी कैंटीन में एक सांप दिखाई दिया था। उस समय तीन घंटे तक वन विभाग की टीम नहीं पहुँची थी। तब एक ‘शार्प मित्र’ ने साहस दिखाते हुए सांप को डिब्बे में बंद कर सुरक्षित महोबा रोड स्थित झनझन देवी जंगल में छोड़ दिया था। कुछ दिन पूर्व परिसर में एक विशाल अजगर मिलने की घटना भी सामने आई थी। लगातार ऐसी घटनाओं ने कर्मचारियों में चिंता बढ़ा दी है। इससे कार्यालय परिसर की सुरक्षा और सफाई व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, एसपी कार्यालय के पीछे पहाड़ी क्षेत्र में घना जंगल है, जहां से जंगली जीव-जंतु भटककर परिसर तक पहुँच जाते हैं। हालांकि अभी तक किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हुई है, लेकिन वन विभाग द्वारा उनकी रोकथाम के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। वर्तमान घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग ने वन विभाग को बुला लिया है। टीम के पहुँचने के बाद सांप को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *