पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित नौवीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में एस.आर. रुंगटा ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन किया। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टीम ने फेनेटिक क्लब को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। मैच में एस.आर. रुंगटा ग्रुप के कप्तान अभिषेक कच्छप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। फेनेटिक क्लब की टीम 21.2 ओवर में मात्र 90 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से कृष्णा देवगम (कैंडी) ने सर्वाधिक 30 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 1 छक्का शामिल था। अनमोल टोपनो और सावन गोप ने 11-11 रन का योगदान दिया, जबकि अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। 16.3 ओवर में मैच जीत लिया इधर, जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी एस० आर० रुंगटा ग्रुप की टीम ने 16.3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। रुंगटा ग्रुप की ओर से पारी की शुरुआत करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल महतो ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए आठ चौके एवं दो छक्के की मदद से 55 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली और अंत तक आउट नहीं हुए। 24 जनवरी को क्वार्टर फाइनल अब 24 जनवरी को होने वाले क्वार्टर फाइनल में एस.आर. रुंगटा ग्रुप का मुकाबला शाह स्पोर्ट्स अकादमी चक्रधरपुर और आर.के. अकादमी सोनुआ के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।


