गुमला|पालकोट रोड स्थित संध्या रानी ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल परिसर में शनिवार को कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए विदाई सह शुभकामना समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को आगामी मैट्रिक परीक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करना था। इस अवसर पर विद्यालय का माहौल उत्साह, भावनाओं और उमंग से भरा रहा। कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 10 के विद्यार्थियों के पारंपरिक स्वागत से हुई। जूनियर विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया व सभी छात्र-छात्राओं के माथे पर तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात रंगारंग व मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई, जिसने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद लाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आगामी मैट्रिक परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने विशेष रूप से समय प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि सही योजना, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास से किसी भी परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है। विद्यालय निदेशक संजय कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मैट्रिक परीक्षा जीवन की पहली महत्वपूर्ण सीढ़ी है, जिसे पार कर ही आगे की मंजिलें तय होती हैं। विद्यालय की सह-प्राचार्य मैत्री अधिकारी ने भी विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।


