ऑक्सीजन खत्म, ओटी में लिटाकर मरीज को लौटाया

सदर अस्पताल में ढाई करोड़ का ऑक्सीजन प्लांट के माध्यम से सेंट्रलाइजेशन ऑक्सीजन की व्यवस्था होने के बावजूद माराफारी की 44 वर्षीय मरीज कंचन बाला को ऑक्सीजन के अभाव में ऑपरेशन थिएटर में लिटाने के बाद ऑपरेशन नहीं किया गया, बल्कि उन्हें लौटा दिया गया। सदर अस्पताल में इस तरह की चिकित्सीय लापरवाही बुधवार को उजागर हुआ। गॉल ब्लेडर में स्टोन के ऑपरेशन के लिए वार्ड में भर्ती कंचन बाला को सर्जरी के लिए ऑपरेशन थिएटर में बुलाने के बाद ऐन वक्त पर बिना ऑपरेशन के ही लौटा दिया गया। महिला कंचन ने बताया कि उसे दोपहर करीब एक बजे ओटी में बुलाया गया। विशेष कपड़े पहनाने के बाद पति से फॉर्म में हस्ताक्षर कराया गया और ऑपरेशन की तैयारी शुरू की गई। लेकिन ऐन मौके पर सर्जन को पता चला कि ऑक्सीजन सप्लाई में दिक्कतें आ रही है। ऐसे में उसे फिर दूसरे दिन आने की बात कहकर वापस लौटा दिया गया। बताया कि वह स्टोन को लेकर लगभग डेढ़ वर्षों से परेशान थी। इसलिए सदर अस्पताल के चिकित्सक के संपर्क में 4 फरवरी से थे। परामर्श के बाद ब्लड शुगर, ईसीजी, एक्स-रे व अन्य आवश्यक जांच भी सदर अस्पताल में कराया गया। मरीज ने बताया कि आयुष्मान कार्ड से ऑपरेशन का अप्रूवल भी मिल चुका था। इस लापरवाही से मरीज काफी सहमी हुई है और बताया कि अब तो किसी भी हालत में सदर अस्पताल में ऑपरेशन नहीं कराएंगे। कहा कि शुक्र है कि समय रहते कमी सामने आ गई। यदि ऑपरेशन के दौरान यह गड़बड़ी तो कुछ भी हो सकता था। बताया कि ऑपरेशन कैंसिल होने पर उसके सभी पर्ची भी डॉक्टरों ने रख लिया है। इस पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि ओटी के ऑक्सीजन पाइप लाइन में तकनीकी फॉल्ट होने के कारण सप्लाई काफी धीमी थी। इस वजह से ही ऐसी नौबत आई। इससे पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं हुई थी। महिला की सर्जरी गुरुवार को पूरी व्यवस्था के बाद की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *