गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने एक बार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली से देवघर लौटते समय एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने राहुल गांधी के ओबीसी भागीदारी न्याय सम्मेलन में दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। बोले- राहुल गांधी को कुछ समझ ही नहीं आता सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि राहुल गांधी को न तो देश की समझ है और न ही राजनीति की। मैंने अपने जीवन में इतना बड़ा महामूर्ख नेता नहीं देखा। उन्हें खुद अपने परिवार के इतिहास की भी जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा था कि उनके पिता राजीव गांधी, दादी इंदिरा गांधी, परनाना जवाहरलाल नेहरू और मां सोनिया गांधी ने कभी पिछड़े वर्गों के लिए कुछ नहीं किया। जो अपने परिवार को नहीं पहचानते, वो देश के लिए क्या करेंगे निशिकांत दुबे ने तंज कसते हुए कहा जो इंसान अपने मां-बाप और पूर्वजों के योगदान को नहीं पहचानता, वह देश और समाज के लिए क्या खाक करेगा? उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक समझ पर भी सवाल उठाए और कहा कि इस तरह के बयानों से कांग्रेस की ओबीसी हितैषी छवि को भी नुकसान हो रहा है। झारखंड सरकार पर भी बोला हमला निशिकांत दुबे ने झारखंड सरकार पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अटल मोहल्ला क्लिनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा क्लिनिक कर दिया है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा यह प्रदेश अटल बिहारी वाजपेयी की देन है। उनके नाम से जुड़ी योजनाओं को हटाकर किसी और का नाम जोड़ना न केवल असम्मानजनक है, बल्कि मदर टेरेसा की आत्मा को भी यह अच्छा नहीं लगेगा। जल्द जेल जाएंगे मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता निशिकांत दुबे ने यह भी दावा किया कि राज्य सरकार की गतिविधियों और भ्रष्टाचार के चलते जल्द ही मुख्यमंत्री और कई कांग्रेस नेता जेल की सलाखों के पीछे होंगे। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब जरूर देगी।


