भास्कर न्यूज | ओरमांझी इस वर्ष लगातार हो रही भारी बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है, वहीं अब सरकारी लैम्पस में खाद की अनुपलब्धता ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। ओरमांझी प्रखंड के कई गांवों में आधे से अधिक खेतों में बोया गया धान का बीज सड़ चुका है, जिससे किसानों को दोबारा बीज बोना पड़ रहा है। इस बार खेतों में धान की रोपाई का कार्य शुरू हो चुका है, लेकिन डीएपी और यूरिया जैसे आवश्यक रासायनिक खाद अभी तक ओरमांझी प्रखंड के किसी भी लैम्पस में उपलब्ध नहीं है। इससे किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द उचित मूल्य पर खाद मुहैया कराई जाए, ताकि समय पर रोपाई पूरी हो सके। इस संबंध में जब ओरमांझी के प्रखंड विकास पदाधिकारी कामेश्वर बेदिया से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि वे इस संबंध में जिला स्तर पर उच्च अधिकारियों से बात करेंगे और जल्द ही लैम्पस के माध्यम से किसानों को डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।


