ओला वृष्टि व बारिश से फसल को नुकसान 28 को 40 डिग्री पारा पहुंचने की संभावना

भास्कर न्यूज | कांकेर पिछले तीन चार दिनों से जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिन में तेज धूप तो शाम होते ही बारिश व ओला वृष्टि हो रही है। इसका सीधा असर फसलों पर पड़ रहा है। फसलों को हुए नुकसान का आंकलन करने सर्वे किया जा रहा है। रविवार को रुक -रुक कर हुई दो घंटे की बारिश के बाद सोमवार को भी जिले के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे तथा शाम को कहीं कहीं बूंदा बांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार 25 मार्च से मौसम शुष्क हो जाएगा। मंगलवार से मौसम शुष्क होने के बाद से 4 डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 28 मार्च को पारा 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। जो इस महीने का सबसे अधिक तापमान होगा। रायपुर मौसम विभाग के अनुसार छग के ऊपर 0.9 किमी की ऊंचाई पर बनी द्रोणिका के प्रभाव से छग समेत कांकेर जिले के मौसम में बदलाव आया है। यह द्रोणिका दक्षिण छग से लेकर उत्तर केरल तक बनी हुई है। जिसके प्रभाव से कांकेर जिले में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पहले ही 21 मार्च से मौसम में बदलाव की सूचना दे दी थी। इस दौरान तेज हवा के साथ बारिश व ओला वृष्टि हुई। शुक्रवार 21 मार्च को जिले के पखांजूर इलाके में तेज हवा के साथ ओला वृष्टि हुई। जिससे मक्के की फसल को भारी नुकसान हुआ। वहीं भानुप्रतापपुर इलाके में तेज बारिश से खुले में रखा धान भींग गया। 22 व 23 मार्च को कांकेर, चारामा व नरहरपुर में शाम को रूक-रूक कर तेज बारिश हुई। जिले में 22 मार्च को औसत 5.75 तथा 23 मार्च को औसत 9 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते रात के तापमान में गिरावट आई है। 25 मार्च से मौसम साफ होने के बाद तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. बीरबल साहू ने बताया वर्तमान में हो रही तेज बारिश से फसलों में मक्के के अलावा आम, सब्जी व चना व मटर को नुकसान पहुंचा है। आम के बौर झड़ने व मक्के के पौधे गिरने से फसल प्रभावित होगी। कृषि विभाग के अनुसार वर्तमान में ली जा रही धान की फसल को इस बारिश से फायदा है। जबकि खरीदी केंद्रों में रखे गए धान को इस बारिश से नुकसान है। 31 जनवरी तक हुई खरीदी के बाद कई केंद्रों में धान का उठाव नहीं हुआ है। बारिश से बचाने धान ढंकने पर्याप्त मात्रा में तालपत्री नहीं होने से धान खुले में पड़े हैं। बारिश से नुकसान हो सकता है। 3 से 4 डिग्री बढ़ेगा तापमान: मौसम वैज्ञानिक आईएमडी रायपुर गायत्री वानी ने बताया छग के ऊपर बनी द्रोणिका के चलते मौसम में बदलाव आया है। कांकेर में इसका प्रभाव 24मार्च तक रहेगा। 25 से मौसम शुष्क हो जाएगा। इस दौरान 3 से 4 डिग्री तक तापमान में वृद्धि होगी। तारीख मौसम अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में सरोना, परलकोट, भानुप्रतापपुर इलाके में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। जिससे गर्मी में फसल को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते फसल के सूखने को लेकर पहले ही किसान परेशान से थे और अब बे मौसम बारिश व ओला वृष्टि से फसल प्रभावित हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *