कटनी में घायल दामाद ने एसपी से मांगी सुरक्षा:ससुर और सालों पर चाकू से हमले का आरोप, पत्नी से चल रहा था विवाद

कटनी में चाकूबाजी की घटना के एक पीड़ित ने मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर अपने ससुर और सालों की गिरफ्तारी की मांग की। पीड़ित का आरोप है कि जानलेवा हमले के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे उसकी जान को खतरा है। दरअसल, उमरिया जिले के चंदिया निवासी लव कुशवाहा (32) का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते उसकी पत्नी पिछले छह महीने से कटनी स्थित अपने मायके में रह रही थी। साले-ससुर ने युवक पर किया चाकू से हमला शुक्रवार, 9 जनवरी की शाम लव कुशवाहा अपनी पत्नी को वापस ले जाने और सुलह करने के लिए कटनी आया था। बस स्टैंड चौकी क्षेत्र थाना कोतवाली के अंतर्गत जब लव का सामना उसके ससुराल पक्ष से हुआ, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसे वापस भेजने से इनकार कर दिया। इसी बात पर ससुर और सालों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में लव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जिला अस्पताल में कराया गया। पट्टी बांधकर जनसुनवाई में की एएसपी से शिकायत मंगलवार को पट्टी बांधकर जनसुनवाई में पहुंचे लव कुशवाहा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार देहरिया को अपनी आपबीती सुनाई। लव ने बताया कि कोतवाली थाने में ससुर रामदास कुशवाहा, साले छोटू कुशवाहा और अनुराग कुशवाहा के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उसे लगातार धमका रहे हैं। लव ने पुलिस की इस ढिलाई पर चिंता व्यक्त करते हुए अपने और परिवार के लिए अनहोनी की आशंका जताई। एएसपी संतोष कुमार देहरिया ने संबंधित थाना प्रभारी को मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *