कटनी जिले के कनकी गांव में सोमवार सुबह सियार ने घर के भीतर घुसकर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उसने घर में बंधी भैंस को भी बुरी तरह जख्मी कर दिया। चारा डालते समय हुआ अचानक हमला घटना सुबह करीब 10 बजे की है। मनीराम पटेल (38) अपने परिवार के साथ घर की बाड़ी में मवेशियों को चारा डाल रहे थे। इसी दौरान जंगल की तरफ से आया एक सियार बाड़ी के रास्ते घर के आंगन में घुस गया। सियार ने सबसे पहले मनीराम पर हमला किया, उन्हें बचाने दौड़ीं सोमवती (36) और महिमा बाई (60) को भी सियार ने काटकर बुरी तरह घायल कर दिया। खूंटे से बंधी भैंस पर हमला किया परिजनों को लहूलुहान करने के बाद सियार ने खूंटे पर बंधी भैंस पर भी हमला किया। इसके बाद ग्रामीणों के शोर मचाने पर सियार वहां से भाग निकला। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को रीठी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। गांव में दहशत, वन विभाग को दी सूचना इस घटना के बाद से कनकी गांव के लोग डरे हुए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को मामले की जानकारी दे दी है। लोगों का कहना है कि जंगली जानवर अब रिहायशी इलाकों में घुसने लगे हैं, जिससे बच्चों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सियार को पकड़ने की मांग की है।


