कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र के तहत नैगवां ग्राम के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर सोमवार शाम दो सड़क हादसे हुए। इन घटनाओं में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला हादसा तब हुआ जब एक वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, सोनारी ग्राम निवासी मूरत महोबिया (38 वर्ष) अपने साथी रामदयाल के साथ बाइक से कटनी से अपने घर बिजौरी लौट रहे थे। नैगवां के पास एक वाहन ने उन्हें टक्कर मारी और भाग निकला। इस हादसे में मूरत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामदयाल गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरा हादसा, खड़ी कार को ट्रक ने मारी टक्कर पहले हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। इसी दौरान कटनी से उमरिया जा रही एक स्कॉर्पियो कार सड़क किनारे खड़ी थी, जिसे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (HR47D3958) ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दूसरे हादसे में कार में सवार निर्मला सिंह, धापल सिंह और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद लगा लंबा जाम, पुलिस ने बहाल कराया यातायात लगातार हुए इन दो हादसों के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग 1 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। बड़वारा थाना प्रभारी के. पटेल ने बताया कि हादसे के बाद शव को मौके से उठाकर बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है और जाम खुलवा दिया गया है। अब यातायात पूरी तरह से बहाल हो चुका है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस फरार वाहन की तलाश कर रही है और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।


