नागौर जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्र पूरी तरह से शीतलहर की चपेट में रहे। जिले में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए पहले ही शीतलहर की चेतावनी जारी कर दी थी, जिसके परिणामस्वरूप ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। आगामी दिनों में बढ़ेगी सर्दी मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में तापमान में और ज्यादा गिरावट देखने को मिल सकती है। शीतलहर के साथ-साथ क्षेत्र में हल्का कोहरा भी छाया रहा, जिसकी वजह से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मावठ का इंतजारा, पाले की चिंता बढ़ती सर्दी के बीच जहां एक तरफ किसान मावठ (सर्दियों की बारिश) का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ शीतलहर की चेतावनी के बाद पाला पड़ने की आशंका भी बढ़ गई है। किसानों का मानना है कि अगर समय पर मावठ हो जाती है, तो यह फसलों के लिए अमृत साबित होगी, लेकिन पाला पड़ने से बड़ा नुकसान हो सकता है। शहरी क्षेत्र भी प्रभावित, स्टेडियम में दिखा असर गिरते तापमान की वजह से शहरी क्षेत्र में भी जनजीवन प्रभावित हुआ है। नागौर स्टेडियम में सर्दी बढ़ने के साथ ही सुबह जल्दी जिम करने आने वाले लोगों की संख्या प्रभावित हुई है। हालांकि, इस कड़ाके की ठंड में भी अच्छी संख्या में युवा स्टेडियम में दौड़ते-भागते और व्यायाम करते देखे जा सकते हैं। कल कड़ाके की ठण्ड का अनुमान मौसम विभाग ने कल के लिए फिर से तापमान में गिरावट के साथ कड़ाके की ठण्ड का अनुमान जारी किया है। आने वाले दिनों में शीतलहर का असर पूरे क्षेत्र में बने रहने की संभावना है।


